पटना में आज से गंगा पर वाटर मेट्रो का सफर, छठ से पहले CM सम्राट की सौगात; जानें रूट और खासियत
बिहार की राजधानी पटना में आज से गंगा नदी पर वाटर मेट्रो सेवा की शुरुआत होने जा रही है। छठ महापर्व से पहले राज्य सरकार की ओर से इसे लोगों के लिए बड़ी सौगात माना जा रहा है।
PATNA: बिहार की राजधानी पटना में आज से गंगा नदी पर वाटर मेट्रो सेवा की शुरुआत होने जा रही है। छठ महापर्व से पहले राज्य सरकार की ओर से इसे लोगों के लिए बड़ी सौगात माना जा रहा है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी दीघा घाट से कंगन घाट तक चलने वाली गंगा वाटर मेट्रो सेवा का उद्घाटन करेंगे। इसके शुरू होने से पटना में जल परिवहन को नई पहचान मिलने की उम्मीद है।
दीघा घाट से कंगन घाट तक चलेगी वाटर मेट्रो
जानकारी के अनुसार, वाटर मेट्रो का संचालन करीब 12 किलोमीटर लंबे रूट पर किया जाएगा। फिलहाल दीघा घाट से कंगन घाट तक यात्री गंगा की लहरों पर सफर कर सकेंगे। इस इलेक्ट्रिक जहाज में एक बार में करीब 100 यात्रियों के बैठने की क्षमता है। इलेक्ट्रिक जहाज 'एमवी गोमधरकुंवर' कोलकाता से पटना पहुंच चुका है और इसे गायघाट पर रखा गया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अगले महीने एक और जहाज आने की संभावना है।
पूरी तरह वातानुकूलित और इको-फ्रेंडली होगी वाटर मेट्रो
वाटर मेट्रो को आधुनिक सुविधाओं से लैस किया गया है। यह पूरी तरह वातानुकूलित होगी और इलेक्ट्रिक तकनीक पर संचालित होने के कारण पर्यावरण के अनुकूल भी रहेगी। इसमें यात्रियों की सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे और ऑटोमैटिक लोकेशन सिस्टम जैसी सुविधाएं दी गई हैं।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, जहाज में सुपर चार्जिंग की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। दावा किया जा रहा है कि इसे महज 10 से 15 मिनट में चार्ज किया जा सकेगा।
पर्यटन और जल परिवहन को मिलेगा बढ़ावा
पटना में वाटर मेट्रो की शुरुआत से न केवल यात्रियों को गंगा पर सफर का नया अनुभव मिलेगा, बल्कि पर्यटन को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। गंगा के प्राकृतिक नजारों का आनंद लेने के लिए पर्यटक भी इस सेवा की ओर आकर्षित हो सकते हैं। अब देखना होगा कि शुरुआत के बाद यात्रियों को इस सेवा का कितना लाभ मिलता है।
pranavpr