'छठ का विरोध करने वालों को खामियाजा भुगतना पड़ेगा', राज ठाकरे पर भड़के चिराग पासवान, बोले- आस्था से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं

मुंबई में छठ पूजा और छठ गीतों को लेकर महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) प्रमुख राज ठाकरे के बयान पर केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने तीखी प्रतिक्रिया दी है।

'छठ का विरोध करने वालों को खामियाजा भुगतना पड़ेगा', राज ठाकरे पर भड़के चिराग पासवान, बोले- आस्था से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं
Image Slider
Image Slider
Image Slider

VAISHALI: मुंबई में छठ पूजा और छठ गीतों को लेकर महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) प्रमुख राज ठाकरे के बयान पर केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने क्षेत्रवाद की राजनीति करने वालों को निशाने पर लेते हुए कहा कि छठ लोक आस्था का महापर्व है और इसका विरोध करने वाले अपनी राजनीतिक जमीन कमजोर करेंगे।

राज ठाकरे पर चिराग का पलटवार

हाजीपुर में पत्रकारों से बातचीत के दौरान चिराग पासवान ने कहा कि कुछ लोग अपनी राजनीतिक महत्वाकांक्षा और खोई हुई जमीन तलाशने के लिए इस तरह के बयान देते हैं। ऐसा करके वे अपना ही नुकसान करते हैं।

उन्होंने कहा, "कुछ लोग अपनी महत्वाकांक्षाओं के लिए, अपनी राजनीतिक रोटी सेंकने के लिए या अपनी कोई राजनीतिक जमीन तलाशने के लिए ऐसी बातें करते हैं। वो कहीं न कहीं अपना ही नुकसान करते हैं।"

चिराग ने कहा कि जाति, धर्म और क्षेत्र के नाम पर समाज को बांटने की राजनीति का वह समर्थन नहीं करते। छठ केवल पूजा नहीं, बल्कि करोड़ों लोगों की आस्था और भावनाओं से जुड़ा महापर्व है। रेलवे स्टेशन पर छठी मैया का गीत बजे या नहीं बजे, इससे लोगों की आस्था पर कोई फर्क नहीं पड़ता।

बिहार-यूपी के लोगों का देश की अर्थव्यवस्था में योगदान

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि बिहार और उत्तर प्रदेश के लोग देश के अलग-अलग हिस्सों में मेहनत करके अर्थव्यवस्था को गति दे रहे हैं। हर भारतीय को देश के किसी भी हिस्से में जाकर काम करने, व्यवसाय करने और घर बसाने का अधिकार है। ऐसे में क्षेत्रवाद को बढ़ावा देने से किसी को राजनीतिक लाभ नहीं मिलेगा।

राज ठाकरे ने छठ गीतों पर जताई थी आपत्ति

दरअसल, राज ठाकरे ने मुंबई के रेलवे स्टेशनों पर भोजपुरी छठ गीत बजाने और शहर में बड़े स्तर पर छठ आयोजन को लेकर आपत्ति जताई थी। उन्होंने सोशल मीडिया पर आरोप लगाया था कि छठ पूजा के मुद्दे का इस्तेमाल मुंबई और महाराष्ट्र में सांस्कृतिक टकराव पैदा करने के लिए किया जा रहा है। उन्होंने रेलवे स्टेशनों पर भोजपुरी गाने बजाने की कोशिश का भी जिक्र किया था।

गौरतलब है कि चार दिवसीय छठ महापर्व के तीसरे दिन रविवार को व्रती डूबते सूर्य को अर्घ्य दे रहे हैं। सोमवार सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ महापर्व का समापन होगा।