अनंत सिंह की बेटी की शादी में शामिल होंगे बृजभूषण शरण सिंह, बोले- प्रेम से बुलाया है, जरूर जाएंगे
मोकामा के विधायक और बाहुबली नेता अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की शादी इन दिनों चर्चा में है। इस हाई-प्रोफाइल शादी में कई राजनीतिक और चर्चित हस्तियों के शामिल होने की संभावना है।
PATNA: मोकामा के विधायक और बाहुबली नेता अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की शादी इन दिनों चर्चा में है। इस हाई-प्रोफाइल शादी में कई राजनीतिक और चर्चित हस्तियों के शामिल होने की संभावना है। इसी बीच बीजेपी के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने भी शादी में शामिल होने की बात कही है। उन्होंने कहा कि अनंत सिंह ने उन्हें प्रेम से याद किया है, इसलिए वह शादी में जरूर जाएंगे।
बृजभूषण शरण सिंह ने कहा, "अनंत सिंह हमारी बिरादरी के हैं। उन्होंने प्रेम से याद किया है, हम उनकी बेटी की शादी में जाएंगे।" अनंत सिंह भूमिहार समुदाय से आते हैं, जबकि बृजभूषण शरण सिंह राजपूत हैं। दोनों के बीच सामाजिक और व्यक्तिगत संबंधों को लेकर भी चर्चा हो रही है।
25 नवंबर को होगी शिवांगी और ऋषिकेश की शादी
अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की शादी 25 नवंबर 2026 को ऋषिकेश के साथ होगी। विवाह समारोह का आयोजन अनंत सिंह के पैतृक गांव नदावां में किया जाएगा। शादी के कार्यक्रम 20 नवंबर को शुभ फलदान और तिलक के साथ शुरू होंगे। 23 नवंबर को हल्दी, 24 नवंबर को मेहंदी और संगीत का आयोजन होगा। इसके बाद 25 नवंबर को विवाह संपन्न होगा।
विदेश से मंगवाए जा रहे खास फूल
बेटी की शादी को यादगार बनाने के लिए अनंत सिंह के परिवार की ओर से भव्य तैयारियां की जा रही हैं। सजावट के लिए विदेश से विशेष फूल मंगवाए जाने की चर्चा है। मेहमानों के स्वागत और ठहरने के लिए कई बीघे जमीन पर बड़े-बड़े पंडाल तैयार किए जा रहे हैं।
तीन करोड़ की कार गिफ्ट करने की चर्चा
शादी में सबसे ज्यादा चर्चा दामाद ऋषिकेश को मिलने वाले तोहफे की है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अनंत सिंह उन्हें करीब तीन करोड़ रुपये की लैंड रोवर डिफेंडर कार उपहार में दे सकते हैं। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
खास बात यह है कि परिवार में बेटी की शादी के साथ बेटे के जनेऊ संस्कार की भी तैयारियां चल रही हैं। ऐसे में नदावां में एक साथ दो बड़े पारिवारिक आयोजनों को लेकर उत्साह का माहौल है।
pranavpr