बिहार को पीएम मोदी दे सकते हैं तीन बड़ी सौगातें, 21 नवंबर को एयरपोर्ट-विश्वविद्यालय की रख सकते हैं नींव
बिहार के विकास को लेकर 21 नवंबर का दिन अहम हो सकता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित बिहार दौरे के दौरान पूर्वी बिहार को कई बड़ी परियोजनाओं की सौगात मिलने की संभावना है।
PATNA: बिहार के विकास को लेकर 21 नवंबर का दिन अहम हो सकता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित बिहार दौरे के दौरान पूर्वी बिहार को कई बड़ी परियोजनाओं की सौगात मिलने की संभावना है। चर्चा है कि पीएम भागलपुर के सुल्तानगंज में प्रस्तावित अजगैवीनाथ धाम ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट और विक्रमशिला केंद्रीय विश्वविद्यालय की आधारशिला रख सकते हैं। इसके अलावा कोसी नदी पर बने महासेतु का उद्घाटन भी संभावित कार्यक्रम में शामिल हो सकता है।
जानकारी के मुताबिक, एनडीए सरकार के एक साल पूरे होने के मौके पर प्रधानमंत्री का बिहार दौरा प्रस्तावित है। इस दौरान वैशाली जिले के राजापाकर स्थित जाफरपट्टी में जनसभा आयोजित की जाएगी। हालांकि, भागलपुर की परियोजनाओं को लेकर प्रधानमंत्री के कार्यक्रम की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
एयरपोर्ट और विश्वविद्यालय से बदलेगी इलाके की तस्वीर?
भागलपुर के जेडीयू सांसद अजय मंडल के मुताबिक, प्रधानमंत्री इन महत्वपूर्ण परियोजनाओं का वर्चुअल शिलान्यास भी कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि विक्रमशिला केंद्रीय विश्वविद्यालय के निर्माण पर शुरुआती अनुमान के अनुसार करीब एक हजार करोड़ रुपये खर्च होने की संभावना है। वहीं, सुल्तानगंज में ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट के निर्माण की अनुमानित लागत लगभग 3,500 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
इन परियोजनाओं के शुरू होने से भागलपुर और आसपास के क्षेत्रों में शिक्षा, पर्यटन, व्यापार और रोजगार के नए अवसर पैदा होने की उम्मीद है।
कोसी महासेतु के उद्घाटन की भी चर्चा
प्रधानमंत्री के संभावित कार्यक्रम में एनएच-106 पर कोसी नदी के ऊपर बने चार लेन के महासेतु का लोकार्पण भी शामिल हो सकता है। बिहपुर और मधेपुरा के फुलौत के बीच बने इस पुल की लंबाई करीब 6.93 किलोमीटर है। इसके शुरू होने से कोसी और अंग क्षेत्र के बीच आवागमन आसान होगा और स्थानीय आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिल सकता है।
फिलहाल सभी की नजर 21 नवंबर को होने वाले प्रधानमंत्री के दौरे पर टिकी है। अब देखना होगा कि आधिकारिक कार्यक्रम में बिहार को किन-किन परियोजनाओं की सौगात मिलती है।
pranavpr