NEET Scam: लखीसराय पहुंचे EOU के DIG मानवजीत सिंह ढिल्लो, तेतरहाट थाने में बंद 30 आरोपियों से उगलवाएंगे राज!
नीट धांधली मामले की जांच तेज। आर्थिक अपराध इकाई (EOU) के डीआईजी मानवजीत सिंह ढिल्लो पहुंचे लखीसराय। तेतरहाट थाने में 30 आरोपियों से होगी पूछताछ।
लखीसराय। नीट परीक्षा धांधली और फर्जीवाड़ा मामले में आर्थिक अपराध इकाई की जांच तेज हो गई है। इसी सिलसिले में इओयू के डीआईजी मानवजीत सिंह ढिल्लो खुद लखीसराय पहुंचे हैं।लखीसराय पहुंचने के बाद डीआईजी मानवजीत सिंह ढिल्लो सीधे जिला अतिथि गृह पहुंचे। वहां उन्होंने स्थानीय पुलिस अधिकारियों के साथ एक हाई-लेवल रिव्यू मीटिंग की और अब तक की कार्रवाई की विस्तृत जानकारी ली। इस बैठक में लखीसराय के एसडीपीओ शिवम कुमार समेत जिले के कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
सर्किट हाउस में समीक्षा बैठक करने के बाद डीआईजी सीधे तेतरहाट थाना के लिए रवाना हुए। बताया जा रहा है कि बीते 21 जून को पुलिस और जांच एजेंसियों ने नीट फर्जीवाड़ा मामले में लखीसराय से कुल 30 लोगों को गिरफ्तार किया था। डीआईजी खुद इन सभी आरोपियों से आमने-सामने पूछताछ करेंगे।
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, गिरफ्तारी के वक्त इन आरोपियों के पास से कई स्मार्टफोन और संदिग्ध दस्तावेज बरामद हुए थे। माना जा रहा है कि इन मोबाइलों से नीट परीक्षा धांधली के मास्टरमाइंड का पता चल सकता है फिलहाल डीआईजी की मौजूदगी में तेतरहाट थाने में पूछताछ का दौर जारी है।