NEET छात्रा हत्याकांड पर सियासी तूफान,‘नाम बताइए, 24 घंटे में जेल’—NEET छात्रा हत्याकांड पर डिप्टी CM सम्राट का बड़ा बयान
पटना में नीट की तैयारी कर रही छात्रा की हत्या को लेकर बिहार की राजनीति गरमा गई है। पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के आरोपों पर पलटवार करते हुए उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने खुली चुनौती दी है कि यदि किसी मंत्री या मंत्री के बेटे की संलिप्तता साबित होती है तो 24 घंटे के भीतर जेल भेजा जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार बेटियों की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है और बिना सबूत के लगाए गए आरोप राजनीति से प्रेरित हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए सरकार ने जांच CBI को सौंप दी है। वहीं, विधानसभा में भी इस मुद्दे पर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बहस देखने को मिली |
पटना| पटना में नीट (NEET) की तैयारी कर रही एक छात्रा की हत्या के बाद बिहार की राजनीति में जबरदस्त उबाल देखने को मिल रहा है। इस सनसनीखेज हत्याकांड को लेकर विपक्ष लगातार राज्य सरकार पर कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल उठा रहा है। पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कड़ा और तीखा जवाब दिया है।
सम्राट चौधरी ने राबड़ी देवी को खुली चुनौती देते हुए कहा कि अगर इस मामले में किसी भी मंत्री या मंत्री के बेटे की संलिप्तता सामने आती है, तो 24 घंटे के भीतर उसे जेल भेजा जाएगा। उन्होंने साफ शब्दों में कहा, “राबड़ी देवी जी जनता के बीच नाम बताएं। अगर दोषी सत्ता से जुड़ा हुआ भी हुआ, तो सरकार उसे किसी कीमत पर नहीं बचाएगी।”
डिप्टी सीएम ने कहा कि राज्य सरकार बेटियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि बिना किसी ठोस सबूत के सरकार पर आरोप लगाना दुर्भाग्यपूर्ण है। सम्राट चौधरी ने कहा, “या तो राबड़ी देवी सबूत दें, और अगर सबूत नहीं दे रही हैं तो इसका मतलब है कि वह सच्चाई को छुपा रही हैं।”
गौरतलब है कि पटना के एक इलाके में नीट की तैयारी कर रही छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद से ही यह मामला पूरे राज्य में चर्चा का विषय बना हुआ है। शुरुआती जांच में कई सवाल सामने आए, जिसके बाद विपक्ष ने सरकार पर दबाव बनाना शुरू कर दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए राज्य सरकार ने इसकी जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) को सौंपने का फैसला लिया।
सरकार का कहना है कि CBI जांच से पूरे मामले की सच्चाई सामने आएगी और दोषियों को सख्त से सख्त सजा दी जाएगी। वहीं, इस मुद्दे पर बिहार विधानसभा में भी तीखी बहस देखने को मिली। विपक्ष ने राज्य में कानून-व्यवस्था को लेकर सरकार को घेरा, जबकि सत्तापक्ष ने दावा किया कि यह सरकार पारदर्शी जांच और त्वरित कार्रवाई में विश्वास रखती है।
सम्राट चौधरी ने विधानसभा में भी दोहराया कि चाहे आरोपी कितना भी प्रभावशाली क्यों न हो, कानून से ऊपर कोई नहीं है। उन्होंने कहा कि न्याय जरूर मिलेगा और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। नीट छात्रा हत्याकांड ने एक बार फिर बिहार में महिला सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को लेकर गंभीर बहस छेड़ दी है।
pragatisharma3959