छठ की खुशियों के बीच वैशाली में मातम! एक ही परिवार के 3 लोगों की मौत, 15 साल की बेटी की हालत नाजुक
बिहार में एक तरफ लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर घरों में खुशियों और उत्साह का माहौल है, वहीं वैशाली जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है।
VAISHALI/HAJIPUR: बिहार में एक तरफ लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर घरों में खुशियों और उत्साह का माहौल है, वहीं वैशाली जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां जमीन विवाद के चलते एक ही परिवार के चार सदस्यों द्वारा कथित तौर पर जहरीला पदार्थ खाने का मामला सामने आया है। इस घटना में परिवार के तीन सदस्यों की मौत हो गई, जबकि 15 वर्षीय बेटी की हालत गंभीर बनी हुई है। उसे बेहतर इलाज के लिए हाजीपुर सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना जिले के गोरौल थाना क्षेत्र के प्रेमराज गांव की है।
पुश्तैनी जमीन बेचने को लेकर चल रहा था विवाद
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, यह परिवार श्यामनंदन सिंह का है। उनकी मृत्यु के बाद उनके इकलौते बेटे राहुल द्वारा पुश्तैनी जमीन बेचे जाने को लेकर परिवार में विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि बीते शनिवार को राहुल ने सात कट्ठा जमीन की रजिस्ट्री कराई थी। इस बात का परिवार के अन्य सदस्य विरोध कर रहे थे।
जमीन की रजिस्ट्री को लेकर पति-पत्नी में हुई कहासुनी
जमीन की बिक्री की जानकारी मिलने के बाद राहुल की पत्नी सीमा देवी ने रजिस्ट्री कार्यालय से जमीन के कागजात की नकल निकलवाई। इसके बाद उन्होंने राहुल से जमीन बेचने को लेकर सवाल किया। देखते ही देखते दोनों के बीच विवाद बढ़ गया और जमकर कहासुनी हुई। आरोप है कि इस दौरान राहुल ने अपनी मां और पत्नी के साथ मारपीट भी की और घर से बाहर चला गया।
मां, पत्नी और बेटे की मौत, बेटी की हालत गंभीर
बताया जा रहा है कि गुरुवार देर रात परिवार के चार सदस्यों ने जहरीला पदार्थ खा लिया। इस घटना में निर्मला देवी (55 वर्ष), सीमा देवी (35 वर्ष) और मुन्ना कुमार (12 वर्ष) की मौत हो गई। वहीं, 15 वर्षीय बेटी की हालत गंभीर बनी हुई है। उसे इलाज के लिए हाजीपुर सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस हर एंगल से कर रही जांच
घटना की सूचना मिलते ही गोरौल थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। शुरुआती जांच में पारिवारिक विवाद और जमीन की बिक्री को घटना की संभावित वजह माना जा रहा है।
सब-इंस्पेक्टर सुनील कुमार के मुताबिक, प्रथम दृष्टया जहरीला पदार्थ खाने से तीन लोगों की मौत होने की बात सामने आई है, जबकि बच्ची की हालत नाजुक है। उसका इलाज हाजीपुर सदर अस्पताल में चल रहा है। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।
वहीं, स्थानीय निवासी वैद्यनाथ सिंह ने बताया कि परिवार में जमीन बेचने को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद चार लोगों ने जहरीला पदार्थ खा लिया। घटना के बाद प्रेमराज गांव में मातम पसरा हुआ है। छठ पर्व की खुशियों के बीच इस दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।
pranavpr