बिहार में भीषण सड़क हादसा! छठ पर गंगा स्नान करने जा रहे तीन लोगों की मौत, दो महिलाओं ने गंवाई जान
बिहार के कटिहार जिले में छठ महापर्व के नहाय-खाय के दिन एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। मनिहारी गंगा घाट पर स्नान करने जा रहे लोगों की कार सड़क किनारे खड़े बालू लदे ट्रक से टकरा गई।
KATIHAR: बिहार के कटिहार जिले में छठ महापर्व के नहाय-खाय के दिन एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। मनिहारी गंगा घाट पर स्नान करने जा रहे लोगों की कार सड़क किनारे खड़े बालू लदे ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए। इस हादसे में दो महिलाओं समेत तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य लोग घायल हो गए। घटना मनिहारी थाना क्षेत्र के नारायणपुर कुतुबपुर के पास हुई।
गंगा स्नान के लिए जा रहे थे सभी
जानकारी के मुताबिक, कटिहार नगर थाना क्षेत्र के बैगना निवासी एक परिवार के लोग छठ पर्व को लेकर कार से मनिहारी गंगा घाट पर स्नान करने जा रहे थे। इसी दौरान कुतुबपुर के पास सड़क किनारे तकनीकी खराबी के कारण बालू लदा एक ट्रक खड़ा था। तभी कटिहार की ओर से आ रही कार (BR11BB5581) अनियंत्रित होकर सीधे ट्रक के पिछले हिस्से से टकरा गई।
टक्कर इतनी जोरदार कि कार के उड़े परखच्चे
हादसा इतना भीषण था कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। गाड़ी में सवार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना में 68 वर्षीय शंभू सिंह, उनकी पत्नी उषा सिंह और उनकी पड़ोसी मंजू रानी शाह की मौके पर ही मौत हो गई। तीनों कटिहार नगर थाना क्षेत्र के बैगना के रहने वाले थे।
बच्ची और चालक समेत लोग घायल
हादसे में कार में सवार एक बच्ची और चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को तत्काल मनिहारी अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। घटना की सूचना मिलते ही मनिहारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। तीनों मृतकों के शव एंबुलेंस से पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, कटिहार भेज दिए गए।
थानाध्यक्ष ने दी हादसे की जानकारी
मनिहारी थानाध्यक्ष संतोष कुमार झा ने बताया कि सड़क किनारे तकनीकी खराबी के कारण बालू लदा ट्रक खड़ा था। इसी दौरान कटिहार की ओर से आ रही किआ कार ने पीछे से ट्रक में टक्कर मार दी। हादसे में तीन लोगों की मौत हुई है, जबकि घायलों को बेहतर इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।
छठ महापर्व की शुरुआत के दिन हुए इस हादसे से मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया है। वहीं, बैगना और आसपास के इलाके में शोक का माहौल है।
pranavpr