ईरान-सऊदी विवाद की भेंट चढ़ा बिहार का युवक? गोपालगंज के सोनू की शिप पर मौत!

गोपालगंज के थावे निवासी सोनू कुमार गुप्ता की सऊदी अरब के पास समुद्री जहाज पर मिसाइल हमले में मौत हो गई। परिजनों का दावा है कि ईरान के हमले में सोनू गंभीर रूप से घायल था। पूरे इलाके में मातम।

ईरान-सऊदी विवाद की भेंट चढ़ा बिहार का युवक? गोपालगंज के सोनू की शिप पर मौत!
गोपालगंज के थावे निवासी सोनू कुमार गुप्ता
Image Slider
Image Slider
Image Slider

गोपालगंज। जिले के थावे बाजार निवासी एक युवक की समुद्री जहाज पर मौत की सूचना मिलने के बाद परिवार में मातम छा गया है। परिजनों का दावा है कि ईरान की ओर से हुए मिसाइल हमले में घायल होने के बाद उसकी मौत हुई है।

जानकारी के अनुसार, थावे बाजार निवासी व्यवसायी संजय गुप्ता के पुत्र सोनू कुमार गुप्ता दुबई की एक शिपिंग कंपनी में पिछले चार वर्षों से कार्यरत थे। परिजनों ने बताया कि मंगलवार सुबह उन्हें सूचना मिली कि सऊदी अरब के निकट हार्मुज समुद्री क्षेत्र में जहाज पर हुए कथित मिसाइल हमले में सोनू गंभीर रूप से घायल हो गए थे, जिनकी बाद में मौत हो गई।

परिजनों के अनुसार, सोनू करीब 20 दिन पहले ही घर पर छुट्टी बिताकर दुबई लौटे थे। वह परिवार के इकलौते कमाने वाले सदस्य थे। उनके पिता थावे बाजार में जूता-चप्पल की दुकान चलाते हैं।

मौत की सूचना मिलते ही थावे के विदेशी टोला स्थित उनके घर में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की खबर फैलते ही पूरे थावे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। परिवार शव को भारत लाने की प्रक्रिया और आधिकारिक पुष्टि का इंतजार कर रहा है।