गया: दो गुटों में जमकर चली गोलियां, पुलिस ने शातिर गब्बर को किया गिरफ्तार
गया फायरिंग केस: जेल से छूटते ही संगम चौक पर गोलीबारी करने वाला अपराधी गब्बर लोडेड पिस्टल के साथ गिरफ्तार। पढ़ें पूरी खबर।
गया: बिहार के गया में पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए बीती रात हुई ताबड़तोड़ फायरिंग मामले का चंद घंटों में खुलासा कर दिया है। डेल्हा थाना क्षेत्र के संगम चौक पर दो गुटों के बीच जमकर गोलीबारी हुई थी, जिससे इलाके में दहशत फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और तफ्तीश में जुट गई।
पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद और सीसीटीवी फुटेज खंगालकर मुख्य आरोपी 'गब्बर' को एक लोडेड पिस्टल के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया है। चौंकाने वाली बात यह है कि यह शातिर अपराधी महज सात दिन पहले ही जेल से छूटकर बाहर आया था और आते ही फिर बड़ी वारदात को अंजाम दे डाला।
इस मामले की जानकारी देते हुए टाउन डीएसपी धर्मेंद्र कुमार भारती ने बताया कि संगम चौक पर दो पक्षों के बीच हुई गोलीबारी के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की है। सीसीटीवी की मदद से पहचान कर मुख्य शूटर गब्बर को हथियार के साथ दबोच लिया गया है। डीएसपी ने साफ कहा कि इस घटना में शामिल अन्य अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं और जल्द ही बाकी आरोपी भी सलाखों के पीछे होंगे।