बिहार में एक करोड़ की ब्राउन शुगर बरामद, दो अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार; अपाची बाइक और नकदी जब्त
बिहार में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। किशनगंज जिले में छापेमारी के दौरान पुलिस ने दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है।
KISHANGANJ/BIHAR: बिहार में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। किशनगंज जिले में छापेमारी के दौरान पुलिस ने दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से 513 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब एक करोड़ रुपये आंकी गई है। पुलिस ने तस्करों के पास से नकदी, मोबाइल फोन और एक काले रंग की अपाची मोटरसाइकिल भी जब्त की है।
पुलिस के मुताबिक, 16 नवंबर 2026 को पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि माउंटेनकट्टा थाना क्षेत्र के पनासी हाट के पास दो युवक मोटरसाइकिल से ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री कर रहे हैं। सूचना के आधार पर एसडीपीओ-1 खुसरू सिराज के नेतृत्व में एएनटीएफ किशनगंज और माउंटेनकट्टा थाना पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई।
इसके बाद विशेष टीम ने पनासी हाट के पास घेराबंदी कर अपाची मोटरसाइकिल सवार दोनों युवकों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से 513 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पश्चिम बंगाल के उत्तर दिनाजपुर जिले के इस्लामपुर थाना क्षेत्र स्थित मौलानी निवासी रहीम (25) और जाकिर हुसैन (27) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में दोनों ने मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।
तस्करी नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस
एसडीपीओ-1 खुसरू सिराज ने बताया कि पुलिस अब इस गिरोह से जुड़े अन्य तस्करों और ब्राउन शुगर की आपूर्ति के स्रोत का पता लगा रही है। आरोपियों के मोबाइल फोन की तकनीकी जांच भी की जा रही है। साथ ही अपराध से अर्जित अवैध संपत्ति की पहचान कर उसे जब्त करने की कार्रवाई की जाएगी।
इस मामले में माउंटेनकट्टा थाना कांड संख्या 298/26 दर्ज किया गया है। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट की धारा 8(सी), 21(सी), 25 और 29 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
किशनगंज पुलिस ने आम लोगों से नशे के कारोबार से जुड़ी जानकारी साझा करने की अपील की है। इसके लिए एएनटीएफ हेल्पलाइन नंबर 9031816150 जारी किया गया है।
pranavpr