बिहार में शिक्षा क्रांति: CM सम्राट चौधरी ने नए सरकारी डिग्री कॉलेजों का किया उद्घाटन आज से 211 प्रखंडो में पढाई शुरू

बिहार के 211 नए सरकारी डिग्री कॉलेजों में बुधवार से पढ़ाई शुरू हो रही है। सीएम सम्राट चौधरी भागलपुर से नए सत्र का उद्घाटन करेंगे। जानिए किन 6 विषयों से हो रही है शुरुआत।

बिहार में शिक्षा क्रांति:  CM सम्राट चौधरी  ने नए सरकारी डिग्री कॉलेजों का किया उद्घाटन  आज से 211 प्रखंडो में पढाई  शुरू
211 नए डिग्री कॉलेजों में पठन-पाठन कार्यों का शुभारम्भ कार्यक्रम...
Image Slider
Image Slider
Image Slider

पटना बिहार के उच्च शिक्षा क्षेत्र में बुधवार को एक नया इतिहास रचने जा रहा है। राज्य के 211 नए राजकीय डिग्री महाविद्यालयों में आज से विधिवत पढ़ाई प्रारंभ होने जा रही है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी भागलपुर में आयोजित एक भव्य राज्यस्तरीय समारोह में इस नए शैक्षणिक सत्र (2026-30) का उद्घाटन करेंगे। इस ऐतिहासिक मौके पर उपमुख्यमंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव, उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, उच्च शिक्षा मंत्री संजय सिंह टाइगर और उच्च शिक्षा विभाग के सचिव राजीव रौशन सहित नीतीश सरकार के तमाम मंत्री राज्य के अलग-अलग जिलों में मौजूद रहेंगे।

60 हजार से अधिक छात्रों का हुआ है नामांकन

उच्च शिक्षा निदेशक प्रो. एन.के. अग्रवाल ने बताया कि नए सत्र को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इन नए कॉलेजों में अब तक 60 हजार से अधिक छात्र-छात्राओं का नामांकन हो चुका है। सरकार का यह कदम विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों की छात्राओं के लिए वरदान साबित होगा, जिन्हें अब उच्च शिक्षा के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा।

शुरुआत में इन 6 विषयों की होगी पढ़ाई

कॉलेजों के शुरुआती चरण में बिना प्रायोगिक (Non-Practical) कक्षा वाले 6 प्रमुख विषयों में स्नातक  की पढ़ाई शुरू की जा रही है:

  • अंग्रेजी
  • हिंदी
  • इतिहास
  • राजनीति शास्त्र
  • अर्थशास्त्र
  • समाजशास्त्र

इन विषयों के संचालन के लिए संबंधित विश्वविद्यालयों द्वारा शिक्षकों और प्रधानाचार्यों की प्रतिनियुक्ति पहले ही की जा चुकी है।

उच्च शिक्षा निदेशक के अनुसार, भविष्य में इन कॉलेजों में आर्ट्स, साइंस और कॉमर्स के कुल 16 विषयों की पढ़ाई होगी। इसके लिए व्यापक स्तर पर पदों का सृजन किया गया है। हर कॉलेज में 44 पद सृजित किए गए हैं (32 सहायक प्राध्यापक और 12 शिक्षकेतर कर्मचारी)। 15 विषयों में 2-2 शिक्षक होंगे, जबकि 16वां विषय वोकेशनल होगा जिसमें 1 शिक्षक तैनात रहेगा।

सात निश्चय-3 के तहत हर प्रखंड में कॉलेज

बिहार सरकार के 'सात निश्चय-तीन' के चौथे निश्चय "उन्नत शिक्षा-उज्ज्वल भविष्य" के तहत राज्य के सभी प्रखंडों में डिग्री कॉलेज खोलने का फैसला लिया गया है। राज्य के 534 प्रखंडों में से 209 ऐसे प्रखंड थे जहाँ कोई  डिग्री कॉलेज नहीं था। सरकार ने इन सभी में और 3 अन्य प्रखंडों को मिलाकर कुल 211 नए कॉलेजों की सौगात दी है।

स्कूलों में चलेंगे कॉलेज, इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए मिले 50-50 लाख

जब तक इन नए कॉलेजों का अपना परमानेंट भवन और परिसर बनकर तैयार नहीं हो जाता, तब तक इनका संचालन प्रखंडों के चयनित प्लस टू (+2) विद्यालयों और बुनियादी विद्यालयों के भवनों में किया जाएगा। हर कॉलेज को बुनियादी सुविधाएं जैसे- बेंच-डेस्क, पेयजल, बिजली, शौचालय, स्वच्छता और इंटरनेट के लिए 50-50 लाख रुपये आवंटित किए गए थे, जिससे सारी व्यवस्थाएं दुरुस्त कर ली गई हैं।