'बिहार केशरी' विवेका पहलवान का दिल का दौरा पड़ने से निधन, बाहुबली पूर्व विधायक अनंत सिंह ने जताया शोक

बाढ़ और मोकामा टाल क्षेत्र में खौफ का पर्याय रहे बाहुबली विवेका पहलवान उर्फ विवेक सिंह की बुधवार देर रात दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। वे लंबे समय से बीमार थे। वे रिश्ते में अनंत सिंह के चाचा थे। उन्होंने पटना के आरोग्यम अस्पताल में तीन अप्रैल की देर रात अंतिम सांस ली।

'बिहार केशरी' विवेका पहलवान का दिल का दौरा पड़ने से निधन, बाहुबली पूर्व विधायक अनंत सिंह ने जताया शोक
Image Slider
Image Slider
Image Slider

PATNA : बाढ़ और मोकामा टाल क्षेत्र में खौफ का पर्याय रहे बाहुबली विवेका पहलवान उर्फ विवेक सिंह की बुधवार देर रात दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। वे लंबे समय से बीमार थे। वे रिश्ते में अनंत सिंह के चाचा थे। उन्होंने पटना के आरोग्यम अस्पताल में तीन अप्रैल की देर रात अंतिम सांस ली। विवेका पहलवान को 27 मार्च को हार्ट अटैक आया था, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। हालांकि तमाम प्रयासों के बावजूद डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके और तीन अप्रैल की आधी रात को उनका निधन हो गया।

विवेका सिंह बिहार के प्रसिद्ध कुश्ती पहलवानों में से एक थे और उन्हें बिहार केसरी की उपाधि से सम्मानित किया गया था। उन्होंने अपने कुश्ती करियर में कई बड़े मुकाबले जीते और राज्य का नाम रोशन किया। उनके निधन पर बाहुबली पूर्व विधायक अनंत सिंह समेत कई लोगों ने शोक जताया है। उनके पार्थिव शरीर उनके पैतृक गांव बाढ़ के लदमा ले जाया गया, जहां अंतिम संस्कार किया जाएगा। एक समय वह भी था जब अनंत सिंह और विवेका पहलवान की दुश्मनी में कई लाशें गिरी थी।

1986 में अनंत सिंह के बड़े भाई विरंची सिंह की हत्या कर दी गई। इसके बाद से दोनों गैंग के बीच खून-खराबा शुरू हो गया। छोटे सरकार के नाम से मशहूर अनंत सिंह मोकामा से विधायक बन गए। वहीं, विवेका पहलवान ने भी अपना राजनीतिक प्रभुत्व स्थापित कर खुद को मजबूत किया। इसी बीच 2006 में विवेका पहलवान के करीबी रहे संजीत पहलवान की पटना के बेऊर में गोली मारकर हत्या कर दी गई। अनंत सिंह के गैंग पर मर्डर का शक हुआ। इससे दोनों गैंग के बीच तनाव और बढ़ गया।

2009 में लदमा गांव में फिर से खून-खराबा हुआ। अनंत सिंह के घर में घुसकर विवेका पहलवान ने हमला बोल दिया। उनके भाई संजय सिंह ने अनंत सिंह के शरीर में गोली उतार दी। गंभीर रूप से घायल अनंत को ठेले पर लादकर अस्पताल ले जाया गया, उनकी जान बच गई। उसी साल संजय की पटना में हत्या कर दी गई तो अनंत सिंह का नाम उसमें उछला। घर से एके-47 जैसे खतरनाक हथियार बरामद होने पर अनंत सिंह जेल गए। उनके समर्थक दावा करते हैं कि विवेका पहलवान ने ही साजिश के तहत उन्हें फंसाने के लिए यह हथियार घर में रखवाया था। बता दें कि वर्षों तक दोनों की दुश्मनी से मोकामा का टाल इलाका दहला रहता था, लेकिन बदलते वक्त के बाद हाल ही में दोनों के बीच सुलह हो गई थी।