गुजरात ATS ने जैश-ए-मोहम्मद के 8 संदिग्धों को दबोचा, पाक हैंडलर्स से था कनेक्शन!

गुजरात ATS ने जैश-ए-मोहम्मद के 8 संदिग्धों को गिरफ्तार कर पाक हैंडलर्स की बड़ी आतंकी साजिश को नाकाम किया। गुजराती भाषा में आतंकी साहित्य फैलाने का था प्लान।

गुजरात ATS ने जैश-ए-मोहम्मद के 8 संदिग्धों को दबोचा, पाक हैंडलर्स से था कनेक्शन!
गुजरात ATS ने जैश-ए-मोहम्मद के 8 संदिग्धों को किया गिरफ्तार
Image Slider
Image Slider
Image Slider

गांधीनगर/अहमदाबाद: गुजरात आतंकवाद रोधी दस्ते (ATS) को एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। ATS ने एक बड़े और राष्ट्रव्यापी ऑपरेशन में प्रतिबंधित पाकिस्तानी आतंकवादी संगठन जैश-ए-मोहम्मद (JeM) से जुड़े आठ संदिग्धों को गिरफ्तार किया है। इन सभी गिरफ्तारियों को कल गुजरात और मध्य प्रदेश के अलग-अलग जिलों में एक साथ छापेमारी कर अंजाम दिया गया।

गुजरात में नेटवर्क खड़ा करने की थी साजिश

गुजरात ATS के मुताबिक, पकड़े गए सभी आरोपी सीधे तौर पर पाकिस्तानी हैंडलर्स के संपर्क में थे। ये आरोपी गुजरात में जैश-ए-मोहम्मद का एक सक्रिय आतंकी नेटवर्क तैयार करने की कोशिशों में जुटे थे, ताकि राज्य में बड़ी आतंकी गतिविधियों को अंजाम दिया जा सके।

गुजराती भाषा में बदल रहे थे आतंकी साहित्य: जांच में सामने आया है कि ये संदिग्ध न सिर्फ नए लोगों को संगठन से जोड़ने का काम कर रहे थे, बल्कि जैश-ए-मोहम्मद के कट्टरपंथी साहित्य (Literature) का गुजराती भाषा में अनुवाद (Translate) भी कर रहे थे। इनका मकसद स्थानीय स्तर पर लोगों को प्रभावित कर आतंकी विचारधारा को फैलाना था।

ATS ने आरोपियों के पास से भारी मात्रा में आपत्तिजनक सामग्री जब्त की है। तलाशी के दौरान कुल 254 जिहादी और आतंकी साहित्य की प्रतियां बरामद हुई हैं, जिनमें जैश-ए-मोहम्मद का झंडा भी शामिल है। इसके अलावा, शुरुआती जांच में इन आरोपियों के सीधे तौर पर पाकिस्तान स्थित आतंकी समूह से वित्तीय संबंध (Financial Links) होने के पुख्ता सबूत भी मिले हैं।

14 दिनों की पुलिस रिमांड पर आरोपी - 

आतंकी नेटवर्क की इस बड़ी कड़ी को खंगालने और फंडिंग के पूरे रूट का पता लगाने के लिए सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हैं। न्यायालय ने सभी आठों गिरफ्तार आरोपियों को 14 दिनों की पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। ATS अब रिमांड के दौरान इनसे यह उगलवाने की कोशिश करेगी कि इनके निशाने पर कौन-से प्रमुख स्थान थे और इस नेटवर्क में देश के भीतर और कौन-कौन शामिल है। NBC 24 के लिए पटना से अंकित कुमार की रिपोर्ट।