दिल्ली के नॉर्थ जिला पुलिस की बड़ी कार्रवाई, AATS की PO टीम ने तीन फरार आरोपियों को दबोचा, एक पर 12 आपराधिक मामले हैं दर्ज

दिल्ली में आउटर नॉर्थ जिला पुलिस ने घोषित अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत तीन फरार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

दिल्ली के नॉर्थ जिला पुलिस की बड़ी कार्रवाई,  AATS की PO टीम ने तीन फरार आरोपियों को दबोचा, एक पर 12 आपराधिक मामले हैं दर्ज
Image Slider
Image Slider
Image Slider

दिल्ली:आउटर नॉर्थ जिला पुलिस ने घोषित अपराधियों (Proclaimed Offenders) के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए तीन फरार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई AATS (एंटी ऑटो थेफ्ट स्क्वॉड) की PO स्टाफ टीम ने तकनीकी निगरानी, डिजिटल इंटेलिजेंस और जमीनी स्तर पर लगातार सत्यापन के जरिए अंजाम दी।

पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई आउटर नॉर्थ जिला के अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त-I लोकश्वरन आर., आईपीएस के मार्गदर्शन और एसीपी ऑपरेशंस दिनेश कुमार की करीबी निगरानी में इंस्पेक्टर आनंद कुमार झा, इंचार्ज AATS के नेतृत्व में की गई। टीम ने लगातार प्रयास कर उन तीन आरोपियों का पता लगाया, जिन्हें संबंधित मामलों में अदालत द्वारा घोषित अपराधी घोषित किया गया था।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विकास उर्फ आशु (26), निवासी सुल्तानपुरी, दिल्ली; सचिन (28), निवासी विजय विहार फेज-1, दिल्ली और नितिन (38), निवासी नरेला, दिल्ली के रूप में की है।पुलिस के मुताबिक, विकास उर्फ आशु और सचिन दोनों थाना बुध विहार में दर्ज FIR नंबर 311/24, धारा 303(2)/62/3(5) BNS के मामले में घोषित अपराधी थे। विकास के खिलाफ पहले से 12 आपराधिक मामलों में संलिप्तता दर्ज है, जबकि सचिन के खिलाफ पांच पूर्व आपराधिक मामले दर्ज हैं। वहीं, तीसरे आरोपी नितिन को थाना मॉडल टाउन में वर्ष 2018 में दर्ज FIR नंबर 208/18, धारा 457/380/411/34 IPC के मामले में अदालत ने घोषित अपराधी घोषित किया था। उसके खिलाफ भी पहले से छह आपराधिक मामलों में संलिप्तता पाई गई है।

ASI संदीप और HC अभिषेक खत्री की अहम भूमिका

इस सफल कार्रवाई को AATS आउटर नॉर्थ जिला की PO स्टाफ टीम ने अंजाम दिया। टीम में ASI संदीप और हेड कांस्टेबल अभिषेक खत्री शामिल रहे। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, टीम ने डिजिटल तकनीक और स्थानीय स्तर पर जुटाई गई सूचनाओं का बेहतर तालमेल बनाकर तीनों फरार आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की।

आउटर नॉर्थ जिला पुलिस का कहना है कि फरार और घोषित अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा, ताकि कानून से बचकर घूम रहे आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया के दायरे में लाया जा सके।