योगी आदित्यनाथ का आगरा दौरा अचानक रद्द, मथुरा से सीधे दिल्ली रवाना होंगे CM; अमित शाह के साथ अहम बैठक
उत्तर प्रदेश की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का प्रस्तावित आगरा दौरा अचानक रद्द कर दिया गया है। अब वह मथुरा से सीधे दिल्ली जाएंगे, जहां केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के साथ उनकी अहम मुलाकात होनी है..
LUCKNOW: उत्तर प्रदेश की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का प्रस्तावित आगरा दौरा अचानक रद्द कर दिया गया है। अब वह मथुरा से सीधे दिल्ली जाएंगे, जहां केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के साथ उनकी अहम मुलाकात होनी है। माना जा रहा है कि इस बैठक में मुख्यमंत्री मथुरा में पिछले दो दिनों से चल रहे भाजपा के चिंतन शिविर में हुई चर्चा और संगठन की स्थिति की विस्तृत जानकारी केंद्रीय नेतृत्व को देंगे।
दरअसल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पिछले दो दिनों से मथुरा के गोग्राम परखम स्थित अशोक सिंघल सभागार में आयोजित भाजपा की बैठक में शामिल थे। पहले से तय कार्यक्रम के अनुसार, बैठक समाप्त होने के बाद उन्हें दोपहर में आगरा जाना था। यहां उन्हें पार्टी के दिवंगत विधायक के परिजनों से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त करनी थी। हालांकि, दिल्ली से आए बुलावे और अचानक बदले कार्यक्रम के चलते आगरा का दौरा स्थगित कर दिया गया।
अमित शाह को देंगे मथुरा बैठक का पूरा ब्योरा
राजनीतिक चर्चाओं के बीच मुख्यमंत्री का अचानक दिल्ली जाना काफी अहम माना जा रहा है। सूत्रों के मुताबिक, अमित शाह के साथ बैठक में योगी आदित्यनाथ मथुरा में हुई दो दिवसीय चर्चा, संगठन से मिले जमीनी फीडबैक और आगामी चुनावी रणनीति की जानकारी साझा करेंगे। विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर भाजपा के शीर्ष नेतृत्व के साथ यह मुलाकात महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
रातोंरात बदल दिया गया बैठक का नाम
मथुरा में आयोजित भाजपा की इस बैठक का नाम भी चर्चा का विषय बना रहा। शुरुआत में इसे चिंतन शिविर कहा जा रहा था, लेकिन सोमवार को बैठक शुरू होने के दौरान इसका नाम बदलकर योजना बैठक कर दिया गया। बैठक में नितिन नवीन के भी शामिल होने का कार्यक्रम रहा।
सूची में नाम नहीं तो बैठक से बाहर
बैठक की शुरुआत सोमवार दोपहर वंदे मातरम् के साथ हुई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करीब 2:45 बजे सभागार पहुंचे। स्वागत की औपचारिकताएं पूरी होने के बाद बैठक शुरू होने से पहले उन नेताओं, सांसदों, विधायकों और मंत्रियों को बाहर कर दिया गया, जिनके नाम निर्धारित सूची में शामिल नहीं थे।
अब मुख्यमंत्री के दिल्ली दौरे और अमित शाह के साथ प्रस्तावित बैठक पर सभी की निगाहें टिकी हैं। इस मुलाकात में मथुरा की बैठक से निकले निष्कर्षों और आगामी राजनीतिक रणनीति पर चर्चा होने की संभावना है।
pranavpr