झुलसा देने वाली गर्मी से लोग हुए बेहाल

मानसून के आगमन से पहले बिहार में भीषण गर्मी से लोगों का हाल बेहाल है। राज्य के अधिकतर जिलों में अधिकतम तापमान सामान्य से काफी ऊपर है. मौसम विभाग के अनुसार राज्य में अगले दो दिनों तक इसी तरह की स्थिति बने रहने के आसार हैं।

झुलसा देने वाली गर्मी से लोग हुए बेहाल

NBC24 DESK- मानसून के आगमन से पहले बिहार में भीषण गर्मी से लोगों का हाल बेहाल है। राज्य के अधिकतर जिलों में अधिकतम तापमान सामान्य से काफी ऊपर है. मौसम विभाग के अनुसार राज्य में अगले दो दिनों तक इसी तरह की स्थिति बने रहने के आसार हैं। रविवार को राज्य में सर्वाधिक अधिकतम तापमान औरंगाबाद में 44.3 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं, पटना सहित सात शहरों में मौसम विभाग ने हीट वेव (लू) की घोषणा की। जिन जिलों में हीट वेव की स्थिति रही उनमें पटना, शेखपुरा, भोजपुर, औरंगाबाद, बांका, नवादा और नालंदा  (हरनौत) का नाम शामिल हैं।

वहीं, मौसम विभाग के तरफ से सोमवार को भी  पटना सहित नौ जिलों में लू की चेतावनी जारी दी गई है। जिन जिलों के लिए अलर्ट जारी किया गया है उनमें पटना, पूर्णिया, नवादा, शेखपुरा, खगड़िया, भागलपुर, जमुई, बांका और पश्चिम चंपारण शामिल हैं। गया में दोपहर बाद आंशिक बादलों की आवाजाही संभावित है। हालांकि, उम्मीद यह जताई जा रही है कि 23 मई से मौसम के तेवर नरम पड़ेंगे।

 बढ़ रहा तापमान 

हम आपको बता दे कि, रविवार को पटना में मई में अधिकतम तापमान का तीन साल का रिकॉर्ड टूट गया। रविवार को पटना का अधिकतम तापमान 42 डिग्री दर्ज किया गया। बीते तीन सालों में मई महीने में पटना का अधिकतम तापमान इस स्तर तक नहीं पहुंचा था। पिछले साल पटना में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 40.6 डिग्री (19 मई) सेल्सियस रहा था। इसके एक साल पहले 2021 में 40.2 डिग्री सेल्सियस (17 मई), 2020 में 40.9 डिग्री सेल्सियस (27 मई) दर्ज किया गया था। 

आपको बताते चलें कि, 23 मई से राज्य के अधिकतर जिलों में गर्मी से राहत मिलेगी। 23 मई को उत्तर बिहार के सभी जिलों में आंधी और बारिश की चेतावनी जारी की गई है। वहीं 24 मई से यह चेतावनी राज्य भर के लिये जारी की गई है। रविवार की देर शाम सीतामढ़ी, पूर्वी चंपारण, सुपौल, मधुबनी और अररिया में आंधी पानी का तात्कालिक अलर्ट जारी किया गया।