पटना सिटी के रुई गोदाम में भीषण आग, कई मोटरसाइकिलें जलीं, आसपास के घरों में मची अफरा-तफरी
पटना सिटी के अगम कुआं थाना क्षेत्र अंतर्गत जनता फ्लैट के पास रुई के गोदाम में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया। इस घटना में ...
PATNA CITY/PATNA: पटना सिटी के अगम कुआं थाना क्षेत्र अंतर्गत जनता फ्लैट के पास रुई के गोदाम में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया। इस घटना में गोदाम में रखा रुई का सामान और वहां खड़ी मोटरसाइकिलें जलकर राख हो गईं। आग लगने के बाद आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोग डर के कारण अपने घरों से बाहर निकल आए।
सुबह 4 बजे लगी आग, फायर ब्रिगेड ने पाया काबू
जानकारी के अनुसार, रुई कारोबारी राहुल कुमार जनता फ्लैट के पास अपना कारोबार चलाते हैं। सुबह करीब 4 बजे उनके गोदाम में आग लगने की घटना हुई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। इसके बाद स्थानीय लोगों ने आग बुझाने का प्रयास शुरू किया और दमकल विभाग को सूचना दी।
सूचना मिलने के बाद फायर ब्रिगेड की तीन से चार गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। काफी मशक्कत के बाद दमकलकर्मियों ने आग पर काबू पाया। हालांकि, तब तक गोदाम में रखा काफी सामान जलकर नष्ट हो चुका था।
कारोबारी ने बताई आग लगने की पूरी घटना
कारोबारी राहुल कुमार के मुताबिक, रात में उन्हें सूचना मिली थी कि उनकी दुकान से चिंगारी निकल रही है। सूचना मिलते ही वह मौके पर पहुंचे, जहां आग लगी हुई थी। इसके बाद उन्होंने सुबह करीब 4 बजे फायर ब्रिगेड को फोन किया। स्थानीय लोगों की मदद से भी आग बुझाने और सामान बचाने का प्रयास किया गया, लेकिन आग की तीव्रता के कारण काफी नुकसान हो गया।
घनी आबादी में कारोबार को लेकर उठे सवाल
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने घनी आबादी वाले इलाके में रुई का गोदाम संचालित होने पर सवाल उठाए हैं। लोगों का कहना है कि ऐसे संवेदनशील कारोबार के लिए सुरक्षा व्यवस्था और जरूरी अनुमति की जांच होनी चाहिए। फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है। आग शॉर्ट सर्किट से लगी या इसके पीछे कोई अन्य वजह थी, इसकी जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
पटना सिटी से उमेश चौबे की रिपोर्ट
pranavpr