केंद्र सरकार के नए कानून के विरोध में बिहार में चक्का जाम, ऑटो-बस नहीं चलने से यात्री परेशान

बिहार में मंगलवार को केंद्र सरकार की हिट एंड रन कानून को लेकर वाहन चालक सड़कों पर उतर आए। जिससे यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है...

केंद्र सरकार के नए कानून के विरोध में बिहार में चक्का जाम, ऑटो-बस नहीं चलने से यात्री परेशान

PATNA: बिहार में मंगलवार को केंद्र सरकार की हिट एंड रन कानून को लेकर वाहन चालक सड़कों पर उतर आए। जिससे यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पटना, औरंगाबाद, रोहतास, नवादा, जहानाबाद समेत अन्य जिलों में ऑटो, ट्रक, बस के ड्राइवरों ने धरना शुरू कर दिया। सड़कें जाम कर प्रदर्शन किया जा रहा है। राजधानी पटना समेत अन्य शहरों में ऑटो नहीं चलने से यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हड़ताल और प्रदर्शन के चलते राज्य के प्रमुख मार्गों और हाइवे पर जाम लगने से वाहनों की लंबी कतारें लग गई हैं।

केंद्र सरकार द्वारा मोटर व्हीकल एक्ट में संशोधन करने के कारण पटना शहर के 80 परसेंट ऑटो चालक मंगलवार को हड़ताल पर चले गए हैं। ऑटो चालक द्वारा बिना घोषणा के अचानक हड़ताल कर दी गई। इससे यात्रियों को परेशानी हो रही है। ऑटो संघ के सचिव नवीन मिश्रा ने बताया कि कई ऑटो चालक मनमानी कर रहे हैं। संघ को बिना सूचना दिए हड़ताल पर जाना उचित नहीं है। वहीं, दानापुर- मनेर मुख्य मार्ग को दाउदपुर में ड्राइवरों ने जाम कर दिया है।

जहानाबाद में किंजर-कुर्था मोड़ पर ड्राइवरों के प्रदर्शन के चलते एनएच 110 एवं एसएच 69 पर वाहनों की लंबी कतार लग गई है। ट्रक चालकों की हड़ताल के कारण नेशनल हाइवे 139 पर भी वीरानी छाई हुई है।

नवादा में ट्रक चालकों ने एनएच 20 को जाम कर दिया है। सभी केंद्र सरकार द्वारा नया कानून लागू होने पर काफी नाराज हैं। शहर के भगत सिंह सिंह चौक, नहर पर मुफस्सिल थाना के पास जाम लग गया। रजौली, गोविंदपुर सहित विभिन्न प्रखंडों में भी चक्का जाम हुआ है।