वैशाली में मर्डर से सनसनी: सुनसान जगह पर बुलाकर युवक को मारी गोली, ठेकेदार पर हत्या का शक!

वैशाली के गोरौल में पैसों के विवाद में अमित कुमार की गोली मारकर हत्या। मधुपालन केंद्र के पास मिला शव, FSL जांच में जुटी। पढ़ें पूरी खबर।

वैशाली में मर्डर से सनसनी: सुनसान जगह पर बुलाकर युवक को मारी गोली, ठेकेदार पर हत्या का शक!
सुचना मिलते ही मौके पे पहुची पुलिस टीम
Image Slider
Image Slider
Image Slider

हाजीपुर, वैशाली। बिहार के वैशाली जिले से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। गोरौल थाना क्षेत्र में बुधवार की रात एक युवक की गोली मारकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। गुरुवार की सुबह शव मिलते ही पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है।

मिली जानकारी के अनुसार, गोरौल थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि कटरमाला-बसीपुर रोड पर स्थित मधुपालन केंद्र के पास एक युवक का लहूलुहान शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर मामले की छानबीन शुरू की। मृतक की पहचान कटरमाला-बसीपुर के रहने वाले नगीना सिंह के बेटे अमित कुमार के रूप में हुई है।

पुलिस की शुरुआती जांच में जो बात सामने आई है, वह चौंकाने वाली है। बताया जा रहा है कि अमित कुमार का एक स्थानीय ठेकेदार के साथ पैसों के लेन-देन को लेकर काफी समय से विवाद चल रहा था। आशंका जताई जा रही है कि इसी रंजिश के कारण अमित को किसी बहाने से सुनसान जगह पर बुलाया गया और फिर मौका पाकर उसकी गोली मारकर हत्या कर दी गई।

जांच में जुटी FSL टीम: घटना की गंभीरता को देखते हुए वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के लिए FSL की टीम को मौके पर बुलाया गया है, जो फिंगरप्रिंट्स और अन्य सबूत इकट्ठा कर रही है।

एक्शन में वैशाली SP, आरोपियों की पहचान हुई

वारदात की खबर मिलते ही वैशाली के एसपी शुभांक मिश्रा ने खुद घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने जांच अधिकारियों को मामले का त्वरित और वैज्ञानिक जांच करने के सख्त निर्देश दिए हैं ताकि कोर्ट में पुख्ता सबूत पेश किए जा सकें।

एसपी शुभांक मिश्रा ने बताया इस हत्याकांड में शामिल मुख्य आरोपियों की पहचान कर ली गई है। आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस की विशेष टीमें गठित की गई हैं। संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही सभी सलाखों के पीछे होंगे।

इस घटना के बाद से मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है और इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात है।