धूमधाम से मनाया जाएगा बिहार दिवस..22 से 24 मार्च तक होंगे कई यादगार कार्यक्रम
चुनावी वर्ष में बिहार दिवस को यादगार बनाने की तैयारियां जिला प्रशासन ने शुरू कर दी है। इस बार तीन दिनों तक बिहार दिवस की धूम होगी। 22 से 24 मार्च तक कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

Patna : चुनावी वर्ष में बिहार दिवस को यादगार बनाने की तैयारियां जिला प्रशासन ने शुरू कर दी है। इस बार तीन दिनों तक बिहार दिवस की धूम होगी। 22 से 24 मार्च तक कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। आयोजन को यादगार बनाने के लिए कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव डॉ. एस. सिद्धार्थ ने कहा है कि बिहार दिवस समारोह-2025 धूमधाम से मनाया जाएगा। उन्होंने सभी लोगों से इन कार्यक्रमों में पूरे उत्साह से भाग लेने का आह्वान किया है।
पटना समाहरणालय के सभागार में आयोजित बैठक में पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए अपर मुख्य सचिव ने कहा कि इस वर्ष बिहार सरकार द्वारा बिहार दिवस को काफी व्यापक एवं भव्य रूप से मनाने के लिए शिक्षा विभाग ने कार्ययोजना बनाई है। सभी जिलों में भी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
बैठक में पटना डीएम डॉ. चन्द्रशेखर सिंह ने कहा कि अपर मुख्य सचिव के मार्गदर्शन से हमसब में एक नई ऊर्जा का संचार होता है। जिलाधिकारी ने प्रमंडलीय आयुक्त मयंक वरवड़े का स्वागत करते हुए कहा कि प्रमंडलीय आयुक्त के दिशानिर्देश के अनुसार जिला प्रशासन सभी तैयारी कर रहा है। पटना में बिहार दिवस समारोह का भव्य एवं आकर्षक ढंग से आयोजन होगा। उपविकास आयुक्त को वरीय नोडल पदाधिकारी नामित करते हुए आठ कोषांगों का गठन किया गया है। इन सभी कोषांगों में नोडल पदाधिकारियों तथा सहायक नोडल पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। साथ ही, उनके दायित्वों का भी निर्धारण किया गया है।
इस वर्ष बिहार दिवस का थीम उन्नत बिहार-विकसित बिहार निर्धारित किया गया है। विभिन्न विभागों की प्रदर्शनी के लिए बिहार दिवस को 26 मार्च तक विस्तारित किया गया है। अपर मुख्य सचिव ने कहा कि थीम के अनुसार ही उन्नत बिहार-विकसित बिहार पर आधारित सरकार की विकासात्मक एवं लोककल्याणकारी योजनाओं पर कार्यक्रम होंगे। गांधी मैदान, श्री कृष्ण मेमोरियल हॉल एवं रवींद्र भवन में कार्यक्रमों का आयोजन होगा।
बेहतरीन लेजर शो होंगे। रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। नामीगिरामी कलाकार अपनी प्रस्तुति देंगे। व्यंजन मेला का भी आयोजन होगा। इसमें बिहारी व्यंजन के स्टॉल होंगे। विभिन्न विभागों का पैवेलियन एवं स्टॉल लगेगा और बिहार दिवस के कार्यक्रमों का सीधा प्रसारण होगा। अपर मुख्य सचिव ने विद्यार्थियों, शिक्षकों, प्राध्यापकों, कलाकारों, चिकित्सकों सहित सभी क्षेत्रों के लोगों से बिहार दिवस के कार्यक्रमों में अधिकतम सहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया है।