बराबर पहाड़ पर फिर बड़ा हादसा, पातालगंगा से पहाड़ चढ़ रही महिला की गिरकर मौत, परिवार में मचा कोहराम

बिहार के जहानाबाद स्थित बराबर पहाड़ पर फिर बड़ा हादसा हुआ है। रविवार को यहां भगवान शंकर दर्शन करने जा रही है महिला की पहाड़ चढ़ने के दौरान गिरकर मौत हो गई।

बराबर पहाड़ पर फिर बड़ा हादसा, पातालगंगा से पहाड़ चढ़ रही महिला की गिरकर मौत, परिवार में मचा कोहराम

JEHANABAD: बिहार के जहानाबाद स्थित बराबर पहाड़ पर फिर बड़ा हादसा हुआ है। रविवार को यहां भगवान शंकर दर्शन करने जा रही है महिला की पहाड़ चढ़ने के दौरान गिरकर मौत हो गई। वह पातालगंगा की ओर से पहाड़ पर चढ़ाई कर रही थी, जिस दौरान ये बड़ा हादसा हो गया। मृत महिला की पहचान आशा देवी, (55 वर्ष) बताया जा रहा है। यह महिला नालंदा के केवई, थाना खुदांगज की रहने वाली बताई जा रही है।

इस महिला के साथ आई एक अन्य महिला श्रद्धालु ने बताया कि बराबर पहाड़ी पर स्नान के बाद महिला सीढ़ी पर चढ़ रही थी। इसी दौरान वो गिर गईं। उसके बाद महिला को चिकित्सक ने देखा और कहा कि उनकी हालत काफी गंभीर है। महिला को ऑक्सीजन लगाया गया था। महिला को एंबुलेंस से मखदुमपुर भेजा गया। इसके बाद वहां भी महिला की जांच के बाद उन्हें गया रेफर कर दिया गया। गया में जाने के बाद उन्हें पता चला कि यहां चिकित्सकों की हड़ताल है। इसके बाद परिजन महिला को जहानाबाद लेकर गए। लेकिन जहानाबाद के रास्ते में ही महिला ने दम तोड़ दिया।

आपको बता दें कि अभी कुछ ही दिनों पहले सिद्धेश्वर नाथ मंदिर में भगदड़ भी हुई थी। इस भगदड़ के दौरान 8 श्रद्धालुओं की मौत हो गई थी और 26 लोग जख्मी हो गए थे। इस घटना ने सभी को स्तब्ध कर दिया था। घटना के बाद राज्य सरकार ने मृतकों के आश्रितों के लिए मुआवजे का ऐलान भी किया था। इस घटना को लेकर यह बात सामने आई थी कि कुछ वहां फूल बेचने वालों के संग कुछ कांवरियों का विवाद हुआ था जिसके बाद वहां भगदड़ मच गई थी।

भगदड़ मचने के दौरान का एक वीडियो भी सामने आया था। इस वीडियो नजर आ रहा था कि यहां लोग एक-दूसरे पर गिर रहे थे और वहां चीख-पुकार मचा हुआ था। इस मामले में पुलिसिया जांच के बाद कुछ लोगों को गिरफ्तार भी किया था। घटना को लेकर प्रशासनिक चूक की बात भी कही जा रही थी।