समस्तीपुर में हथियारबंद अपराधियों ने दिनदहाड़े एसबीआई के सीएसपी सेंटर से लूटे 3 लाख रुपए, पिस्टल देख बेहोश हुए महिला ग्राहक
समस्तीपुर में दिनदहाड़े हथियार के बल पर एसबीआई के सीएसपी सेंटर से करीब 3 लाख रुपए लूटकर पांच बदमाश फरार हो गए।
समस्तीपुर: समस्तीपुर में दिनदहाड़े हथियार के बल पर एसबीआई के सीएसपी सेंटर से करीब 3 लाख रुपए लूटकर पांच बदमाश फरार हो गए। घटना सरायरंजन थाना क्षेत्र के रायपुर बुजुर्ग गांव की है। लूट के दौरान बदमाशों के हाथ में पिस्टल देखकर एक महिला ग्राहक बेहोश हो गई। पूरी वारदात सीसीटीवी में कैद हुई है।

बताया जा रहा है कि रोज की तरह सीएसपी संचालक उपेंद्र महतो सुबह करीब 11बजे सेंटर खोलकर काम कर रहे थे। दोपहर करीब 12 बजे दो बाइक पर सवार होकर पांच अपराधी पहुंचे। सेंटर में घुसते ही बदमाशों ने हथियार तान दिया और वहां मौजूद लोगों को डराकर काउंटर में रखा करीब दो लाख 40 हजार रुपए लूट लिया। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी अपराधी हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए ।घटना के वक्त सेंटर में 2 से 3 ग्राहक मौजूद थे। सभी बदमाशों ने गमछे से अपना चेहरा ढक रखा था। लूट की पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है, जिसमें दो बाइक पर पांच बदमाश भागते हुए नजर आ रहे हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। शुरुआती जांच में पांच बदमाशों के शामिल होने की बात सामने आई है। जल्द ही मामले का खुलासा कर लिया जाएगा।फिलहाल पुलिस में छापेमारी कर रही है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अपराधियों की पहचान में जुटी हुई है।
सेंट्रल बैंक के सीएसपी संचालक से 1 लाख की लूट
वहीं कल्याणपुर थाना क्षेत्र में अपराधियों का तांडव एक बार फिर देखने को मिला है। बेखौफ बदमाशों ने सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के सीएसपी संचालक से दिनदहाड़े एक लाख रुपये लूट लिए। घटना के दौरान अपराधियों ने करीब पांच राउंड फायरिंग कर इलाके में दहशत फैला दी। वारदात के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।

बताया जा रहा है कि सीएसपी संचालक बैंक से रुपये निकालकर अपने केंद्र की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए बाइक सवार अपराधियों ने उन्हें घेर लिया और हथियार के बल पर रुपये से भरा बैग छीन लिया। विरोध करने पर अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी।फायरिंग की आवाज सुनते ही आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना तुरंत कल्याणपुर थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई।
घटनास्थल से पुलिस ने गोली के खोखे बरामद किए हैं। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की जा रही है ताकि अपराधियों की पहचान हो सके। पुलिस का कहना है कि जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।हम बैंक से पैसा लेकर जा रहे थे, तभी बाइक सवार अपराधियों ने हमला कर दिया और बैग छीनकर फायरिंग करते हुए फरार हो गए।” दिनदहाड़े हुई इस लूट और फायरिंग की घटना ने इलाके की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की छानबीन में जुटी है
..........................
dhananjaykumarroy