मोतिहारी: नामी ब्रांड के नाम पर चल रहा था नकली सरसों तेल का कारोबार, पुलिस ने फैक्ट्री का किया भंडाफोड़

बिहार के मोतिहारी जिले में एक नामी ब्रांड के नाम पर कथित रूप से नकली सरसों तेल तैयार कर बाजार में बेचने का मामला सामने आया है। कंपनी की शिकायत पर पुलिस ने छापेमारी कर अवैध रूप से संचालित फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया और भारी मात्रा में नकली तेल

मोतिहारी: नामी ब्रांड के नाम पर चल रहा था नकली सरसों तेल का कारोबार, पुलिस ने फैक्ट्री का किया भंडाफोड़
Image Slider
Image Slider
Image Slider

मोतिहारी: बिहार के मोतिहारी जिले में एक नामी ब्रांड के नाम पर कथित रूप से नकली सरसों तेल तैयार कर बाजार में बेचने का मामला सामने आया है। कंपनी की शिकायत पर पुलिस ने छापेमारी कर अवैध रूप से संचालित फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया और भारी मात्रा में नकली तेल, पैकिंग सामग्री तथा अन्य सामान जब्त किया।

कंपनी बंगे इंडिया लिमिटेड के अधिकृत अधिकारी शीतल कुमार झा ने बताया कि कंपनी को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि मोतिहारी और आसपास के क्षेत्रों में उसके ब्रांड के नाम पर नकली सरसों तेल बेचा जा रहा है। गुप्त सूचना के आधार पर रघुनाथपुर थाना पुलिस के साथ वार्ड संख्या-29 स्थित एक मकान में संयुक्त छापेमारी की गई।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने 119 भरी हुई नकली तेल की बोतलें, 300 खाली प्लास्टिक बोतलें, 186 ब्रांडेड स्टिकर, 15 लीटर के चार टीन में रखा तेल तथा छह खाली टीन बरामद किए। प्रारंभिक जांच में मकान वीरेंद्र दास का बताया गया है।

रघुनाथपुर थाना अध्यक्ष धनंजय कुमार ने बताया कि कंपनी के अधिकृत अधिकारी के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि नकली सरसों तेल का यह नेटवर्क कितना बड़ा था तथा इसकी आपूर्ति किन-किन बाजारों में की जा रही थी।

पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की जांच जारी है और जांच के आधार पर संबंधित लोगों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।