मुजफ्फरपुर: मंदिर में दुकानदार की गोली मारकर हत्या, कोर्ट में गवाही से पहले वारदात
बिहार के मुजफ्फरपुर में शनिवार सुबह एक दुकानदार की मंदिर परिसर के बाहर गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान 46 वर्षीय राम कुमार कुशवाहा के रूप में हुई है, जो एक बुक स्टोर चलाते थे। घटना सिवाईपट्टी थाना क्षेत्र के डेरा चौक बाजार की है।
मुजफ्फरपुर: बिहार के मुजफ्फरपुर में शनिवार सुबह एक दुकानदार की मंदिर परिसर के बाहर गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान 46 वर्षीय राम कुमार कुशवाहा के रूप में हुई है, जो एक बुक स्टोर चलाते थे। घटना सिवाईपट्टी थाना क्षेत्र के डेरा चौक बाजार की है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह करीब 7 बजे राम कुमार मंदिर में पूजा कर रहे थे। तभी पहले से घात लगाए दो बदमाश पहुंचे और करीब दो फीट की दूरी से उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। उन्हें सीने और बांह में गोली लगी। वारदात के बाद आरोपी हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए। घटनास्थल से पुलिस ने तीन खोखे बरामद किए हैं।
स्थानीय लोगों की मदद से घायल राम कुमार को मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि वह शनिवार को ही एक जमीन विवाद से जुड़े मामले में कोर्ट में गवाही देने वाले थे।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में मामला जमीन विवाद या पुरानी रंजिश से जुड़ा प्रतीत हो रहा है।
एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा ने बताया कि परिजनों और स्थानीय लोगों से पूछताछ की जा रही है तथा आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
NBC Report by Riya palit