बीजेपी विधायक राजू सिंह को सुप्रीम कोर्ट से मिली राहत, हर्ष फायरिंग को लेकर निचली अदालत से हुई थी सजा
मुजफ्फरपुर जिले की साहेबगंज विधानसभा सीट से भाजपा विधायक राजू कुमार सिंह को सुप्रीम कोर्ट से बड़ी कानूनी राहत मिली है।
पटना/दिल्ली: बिहार के मुजफ्फरपुर जिले की साहेबगंज विधानसभा सीट से भाजपा विधायक राजू कुमार सिंह को सुप्रीम कोर्ट से बड़ी कानूनी राहत मिली है। शीर्ष अदालत ने वर्ष 2018 के हर्ष फायरिंग मामले में उनकी दोषसिद्धि पर रोक लगा दी है। सुप्रीम कोर्ट के इस फैसले के बाद फिलहाल उनकी विधानसभा सदस्यता पर मंडरा रहा संकट टल गया है।
दरअसल, दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने इस मामले में राजू कुमार सिंह को दोषी ठहराते हुए चार साल के कारावास की सजा सुनाई थी। दो साल से अधिक की सजा होने के कारण उनकी विधायकी पर खतरा पैदा हो गया था। उन्होंने निचली अदालत के फैसले को दिल्ली हाईकोर्ट में चुनौती दी थी, लेकिन वहां से दोषसिद्धि पर रोक लगाने की मांग खारिज हो गई थी। इसके बाद उन्होंने सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया।
यह मामला 31 दिसंबर 2018 की रात दिल्ली के फतेहपुर बेरी स्थित एक फार्महाउस में नए साल के जश्न के दौरान हुई घटना से जुड़ा है। जश्न के दौरान हुई फायरिंग में डॉ. अर्चना गुप्ता को गोली लगी थी। बाद में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई थी।
इस मामले में अदालत ने राजू कुमार सिंह को गैर इरादतन हत्या और आर्म्स एक्ट के तहत दोषी ठहराते हुए चार साल की सजा सुनाई थी। साथ ही पीड़ित परिवार को 25 लाख रुपये मुआवजा देने का आदेश भी दिया गया था।
फिलहाल बरकरार रहेगी सदस्यता
सुप्रीम कोर्ट द्वारा दोषसिद्धि पर रोक लगाए जाने से राजू कुमार सिंह की विधानसभा सदस्यता फिलहाल बरकरार रहेगी। हालांकि, दोषसिद्धि पर रोक का मतलब बरी होना नहीं है। मामले में आगे की कानूनी सुनवाई जारी रहेगी और अंतिम फैसला अपील के परिणाम पर निर्भर करेगा।
dhananjaykumarroy