प्रभास की ‘फौजी’ के सेट पर बड़ा हादसा, कीड़े के काटने से अभिनेता राजेश शर्मा की हालत गंभीर

प्रभास की आगामी फिल्म ‘फौजी’ के सेट पर एक बड़ा हादसा सामने आया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, हैदराबाद स्थित रामोजी फिल्म सिटी में शूटिंग के दौरान अभिनेता राजेश शर्मा को कथित तौर पर एक जहरीले कीड़े ने काट लिया

प्रभास की ‘फौजी’ के सेट पर बड़ा हादसा, कीड़े के काटने से अभिनेता राजेश शर्मा की हालत गंभीर
Image Slider
Image Slider
Image Slider

एंटरटेनमेंट डेस्क: प्रभास की आगामी फिल्म ‘फौजी’ के सेट पर एक बड़ा हादसा सामने आया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, हैदराबाद स्थित रामोजी फिल्म सिटी में शूटिंग के दौरान अभिनेता राजेश शर्मा को कथित तौर पर एक जहरीले कीड़े ने काट लिया जिसके बाद उनकी तबीयत गंभीर रूप से बिगड़ गई।

बताया जा रहा है कि घटना के बाद राजेश शर्मा अपने अगले वर्क कमिटमेंट के लिए कोलकाता रवाना हो गए। हालांकि, वहां पहुंचने के बाद उनकी तबीयत तेजी से बिगड़ने लगी। संक्रमण फैलने पर उन्हें तुरंत एक निजी अस्पताल के क्रिटिकल केयर यूनिट (CCU) में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

इस घटना के बाद ऑल इंडियन सिने वर्कर्स एसोसिएशन (AICWA) ने मामले की हाई-लेवल जांच की मांग की है। एसोसिएशन के अध्यक्ष सुरेश श्यामलाल गुप्ता ने तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी से हस्तक्षेप करने की अपील करते हुए शूटिंग सेट पर सुरक्षा व्यवस्था और मेडिकल इमरजेंसी प्रोटोकॉल पर सवाल उठाए हैं।

AICWA ने पूछा है कि यदि अभिनेता की हालत शूटिंग के दौरान गंभीर हो गई थी, तो उन्हें तुरंत हैदराबाद के किसी बड़े अस्पताल में क्यों नहीं भर्ती कराया गया। साथ ही यह भी सवाल उठाया गया कि क्या शूटिंग स्थल पर पर्याप्त मेडिकल सुविधाएं और सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा था।

फिलहाल राजेश शर्मा डॉक्टरों की निगरानी में हैं। घटना को लेकर फिल्म निर्माताओं की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।