लखीसराय में कांवरियों से भरा सीएनजी टेंपू पलटा, 10 श्रद्धालु घायल
आषाढ़ पूर्णिमा पर पूजा-अर्चना के बाद महादेव सिमरिया जा रहे कांवरियों से भरा एक सीएनजी टेंपू सिकंदरा के पास अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में 10 श्रद्धालु घायल हो गए, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद लखीसराय सदर अस्पताल रेफर किया गया।
लखीसराय: आषाढ़ पूर्णिमा के अवसर पर पूजा-अर्चना के बाद महादेव सिमरिया जा रहे कांवरियों से भरा एक सीएनजी टेंपू सिकंदरा के पास सड़क हादसे का शिकार हो गया। वाहन के अनियंत्रित होकर पलट जाने से उसमें सवार 10 श्रद्धालु घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, मेदनीचौकी थाना क्षेत्र के हुसैना गांव के श्रद्धालु अशोकधाम मंदिर में पूजा-अर्चना करने के बाद जमुई जिले के महादेव सिमरिया जा रहे थे। इसी दौरान सिकंदरा के पास सड़क पर बने गड्ढे से बचने के प्रयास में चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा, जिससे सीएनजी टेंपू सड़क किनारे पलट गया।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने राहत कार्य शुरू किया और सभी घायलों को तत्काल सिकंदरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने सभी घायलों को बेहतर इलाज के लिए लखीसराय सदर अस्पताल रेफर कर दिया, जहां उनका इलाज जारी है।
घायलों की पहचान डोमन पासवान, अरविंद पासवान, विजय पासवान, शांति देवी, नागो डीलर, उषा देवी, लीला देवी, लक्ष्मी देवी, शांति देवी और उर्मिला देवी के रूप में हुई है। सभी घायल मेदनीचौकी थाना क्षेत्र के हुसैना गांव के निवासी बताए गए हैं।
घटना के बाद स्थानीय प्रशासन ने मामले की जानकारी लेते हुए दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।