सुपौल में हैवानियत: 7 साल की बच्ची को कुदाल से काटा, आक्रोशित भीड़ ने फूंका आरोपी का घर!

बिहार के सुपौल में परसरमा गांव में 7 साल की बच्ची प्रीति कुमारी की कुदाल से काटकर बेरहमी से हत्या। आक्रोशित भीड़ ने आरोपी राजू शाह का घर फूंका। पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार।

सुपौल में हैवानियत: 7 साल की बच्ची को कुदाल से काटा, आक्रोशित भीड़ ने फूंका आरोपी का घर!
आक्रोशित भीड़ ने आरोपी का घर फूंका
Image Slider
Image Slider
Image Slider

सुपौल \ सदर: बिहार के सुपौल जिले से एक बेहद सनसनीखेज और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां सदर थाना क्षेत्र के परसरमा गांव (वार्ड नंबर 8) में एक बेखौफ अपराधी ने सात साल की मासूम बच्ची की कुदाल से काटकर बेरहमी से हत्या कर दी। इस जघन्य हत्याकांड के बाद पूरे इलाके में आक्रोश भड़क उठा है। गुस्साई भीड़ ने आरोपी के घर पर धावा बोलकर उसमें आग लगा दी। घटना के बाद गांव में भारी तनाव को देखते हुए भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

दूध लेकर लौट रही थी मासूम, रास्ते में घात लगाए बैठा था सनकी

मिली जानकारी के मुताबिक, देर रात परसरमा गांव के रहने वाले शंभू शाह अपनी 7 वर्षीय बेटी प्रीति कुमारी के साथ गांव से ही दूध लेकर घर लौट रहे थे। शंभू शाह आगे-आगे चल रहे थे, जबकि उनकी छोटी बेटी प्रीति हाथ में दूध की बोतल लिए पीछे-पीछे आ रही थी। इसी दौरान रास्ते में घात लगाए बैठे गांव के ही एक सनकी युवक ने मासूम प्रीति पर कुदाल से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।

रूह कंपा देने वाली क्रूरता: आरोपी ने कुदाल से इतने वार किए कि 7 साल की मासूम के शरीर के टुकड़े-टुकड़े हो गए। प्रीति ने मौके पर ही तड़प-तड़प कर दम तोड़ दिया। इस रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात की खबर जैसे ही गांव में फैली, कोहराम मच गया। आरोपी की पहचान पड़ोसी राजू शाह के रूप में हुई है। हत्या की वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी राजू भागकर अपने घर में छिप गया। इसके बाद सैकड़ों की संख्या में आक्रोशित ग्रामीणों ने आरोपी को खदेड़ते हुए उसके घर को घेर लिया और उसमें आग लगा दी।

गांव में भारी हंगामे और आगजनी की सूचना मिलते ही सदर एसडीपीओ राजीव रंजन कई थानों की पुलिस और भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने सूझबूझ दिखाते हुए गुस्साई भीड़ के चंगुल से आरोपी राजू शाह को सुरक्षित निकाला और अपनी गिरफ्त में ले लिया। काफी जद्दोजहद के बाद पुलिस ने आक्रोशित ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत कराया।

वारदात की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मौके पर एफएसएल (FSL) यानी फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी की टीम को बुलाया। FSL की टीम ने घटना स्थल से खून के धब्बे और अन्य विधिवत सैंपल कलेक्ट किए हैं। पुलिस ने मृतका प्रीति के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। इस घटना के बाद से मृतका के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।

सुपौल सदर SDPO राजीव रंजन ने बताया कि आरोपी राजू शाह को गिरफ्तार कर लिया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की गहन जांच शुरू कर दी गई है। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए गांव में पुलिस बल की तैनाती की गई है और स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है।