झारखंड में सुरक्षा बलों को बड़ी कामयाबी, एक करोड़ के इनामी समेत इतने नक्सलियों को किया ढेर

झारखंड में पहली बार एक करोड़ रुपये का इनामी नक्सली मारा गया है। झारखंड के बोकारो जिले के लुगु पहाड़ी पर मुठभेड़ में आठ नक्सली मारे गए हैं। इस मुठभेड़ में भाकपा माओवादियों का केंद्रीय कमेटी सीसी सदस्य कुख्यात विवेक भी मारा गया है। विवेक पर एक करोड़ रुपये का इनाम घोषित था।

झारखंड में सुरक्षा बलों को बड़ी कामयाबी, एक करोड़ के इनामी समेत इतने नक्सलियों को किया ढेर

BOKARO : झारखंड में पहली बार एक करोड़ रुपये का इनामी नक्सली मारा गया है। झारखंड के बोकारो जिले के लुगु पहाड़ी पर मुठभेड़ में आठ नक्सली मारे गए हैं। इस मुठभेड़ में भाकपा माओवादियों का केंद्रीय कमेटी सीसी सदस्य कुख्यात विवेक भी मारा गया है। विवेक पर एक करोड़ रुपये का इनाम घोषित था।

पुलिस मुख्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, विवेक के साथ 25 लाख रुपये का इनामी अरविंद यादव और दस लाख रुपये का इनामी साहेब राम मांझी भी मुठभेड़ में मारे गए। विवेक, अरविंद और साहेब राम मांझी के मारे जाने के साथ ही नक्सलियों का झुमरा चैप्टर लगभग खत्म हो गया है। विवेक की पत्नी जया, जिसके सिर पर एक करोड़ रुपये का इनाम था, उसे भी पिछले साल गिरफ्तार किया गया था, हालांकि बीमारी के कारण जया की मौत हो गई थी।

जानकारी के मुताबिक, सुरक्षाबलों को इलाके में नक्सलियों के बड़े दल के भ्रमणशील होने की सूचना मिली थी। जिसके बाद सुरक्षा बलों ने सर्च अभियान शुरू किया। इसी दौरान सुरक्षाबलों पर नक्सलियों ने फायरिंग कर दी, जिसके बाद झारखंड पुलिस और केंद्रीय बल के जवानों ने भी नक्सलियों के खिलाफ जवाबी कार्रवाई की। इस एनकाउंटर में नक्सलियों को भारी नुकसान हुआ है।

बताया जा रहा है कि दस से ज्यादा नक्सली मारे गए हैं। हालांकि अब तक आठ के शव बरामद किए जा चुके हैं। झारखंड पुलिस की जानकारी के अनुसार, मुठभेड़ फिलहाल जारी है। झारखंड पुलिस मुख्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, यह मुठभेड़ एक करोड़ रुपये के इनामी नक्सली विवेक के दस्ते के साथ हुई है। इस मुठभेड़ में विवेक के साथ ही उसके कई साथियों के मारे जाने की खबर है।