'नीतीश सेतु' में नीतीश ही गायब! न तस्वीर दिखी, न JDU का झंडा, RJD ने वीडियो जारी कर कसा तंज
बिहार की राजनीति में कच्ची दरगाह-बिदुपुर 6 लेन पुल को लेकर एक बार फिर बयानबाजी तेज हो गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 21 नवंबर को इस पुल को जनता को समर्पित करेंगे। पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नाम पर इसका नाम 'नीतीश सेतु' रखा गया है।
PATNA: बिहार की राजनीति में कच्ची दरगाह-बिदुपुर 6 लेन पुल को लेकर एक बार फिर बयानबाजी तेज हो गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 21 नवंबर को इस पुल को जनता को समर्पित करेंगे। पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नाम पर इसका नाम 'नीतीश सेतु' रखा गया है। हालांकि, पुल के नामकरण के बाद से ही राजनीतिक दलों के बीच श्रेय लेने की होड़ शुरू हो गई है। अब राष्ट्रीय जनता दल (RJD) ने उद्घाटन समारोह को लेकर जेडीयू पर निशाना साधा है।
RJD ने वीडियो जारी कर उठाए सवाल
राजद ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा किया है। इसके जरिए पार्टी ने आरोप लगाया है कि पुल का नाम भले ही नीतीश कुमार के नाम पर रख दिया गया हो, लेकिन उद्घाटन समारोह और आयोजन में मुख्यमंत्री की तस्वीर तक नजर नहीं आ रही है। राजद ने तंज कसते हुए कहा कि कार्यक्रम में न तो नीतीश कुमार की तस्वीर दिखाई दे रही है और न ही जेडीयू का कोई झंडा लगा है।
RJD का कहना है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नीतीश कुमार को सम्मान देने के लिए पुल का नाम उनके नाम पर रखा, लेकिन उद्घाटन कार्यक्रम से नीतीश कुमार और उनकी पार्टी को ही किनारे कर दिया गया। पार्टी ने यह भी दावा किया कि जेडीयू कार्यकर्ता इस स्थिति से नाराज हैं और आयोजन में पार्टी के झंडे लगाने की मांग कर रहे हैं।
नित्यानंद राय ने किया नीतीश के नामकरण का बचाव
दूसरी ओर, केंद्रीय गृह राज्यमंत्री और भाजपा नेता नित्यानंद राय ने पुल के नामकरण का समर्थन किया है। उन्होंने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के सवालों का जवाब देते हुए कहा कि नीतीश कुमार के नाम पर पुल का नाम रखा जाना पूरी तरह उचित है।
नित्यानंद राय के मुताबिक, नीतीश कुमार ने बिहार को बदहाली और अपराध के दौर से बाहर निकालकर सुशासन और विकास की दिशा में आगे बढ़ाया। उन्होंने लालू-राबड़ी शासनकाल पर निशाना साधते हुए कहा कि उस समय राज्य की कानून-व्यवस्था बेहद खराब थी।
इस तरह, पुल के उद्घाटन से पहले ही बिहार में नामकरण और राजनीतिक श्रेय को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है।
pranavpr