कोबरा के डंसने से वृद्ध की बिगड़ी हालत, परिजनों ने सांप को मारकर लाया सदर अस्पताल, 20 वायल एंटी-वेनम से बची जान
जमुई में कोबरा (गेहुंअन) सांप के काटने से बुजुर्ग की बिगड़ी हालत। परिजन सांप को मारकर पहुंचे सदर अस्पताल। डॉक्टर ने 20 वायल एंटी-वेनम देकर बचाई जान। पढ़ें पूरी खबर।
जमुई जिले के बरहट प्रखंड अंतर्गत गादी कटौना गांव में गुरुवार की देर रात कोबरा यानि गेहुअन सांप ने सरयुग यादव को डंस लिया। इसके बाद परिवार वालों द्वारा उक्त सांप को मारकर सदर अस्पताल लाया गया और सरयूग यादव को भी भर्ती कराया गया, जहां कुछ ही देर में गेहूमन सांप के विष का लक्षण दिखाई देते ही डॉ. मृत्युंजय पंडित द्वारा ताबड़तोड़ करीब 20 भाइल एंटी- वेनम इंजेक्शन लगाया गया।
इस दौरान धीरे- धीरे वृद्ध के तबियत में सुधार होनी शुरू हो गई। इसके बाद रातभर वृद्ध को सदर अस्पताल में ही निगरानी में रखा गया और स्वस्थ्य व स्थिति सामान्य होने पर शुक्रवार की सुबह वृद्ध को डिस्चार्ज किया गया है। बताया जाता है कि सरयुग यादव अपने घर के एक कमरे में कुछ सामान निकालने गए थे और कमरे से जैसे ही बाहर हुए तभी कोबरा यानि गेहूमन सांप ने उनके पैर में डंस लिया।
इसके बाद परिजन सांप को मारकर साथ मे सदर अस्पताल ले आए, ताकि इलाज में किसी प्रकार की परेशानी न हो सके। इसके बाद इलाज के दौरान फिलहाल वृद्ध की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। डॉक्टर ने लोगों से अपील किया है कि किसी भी प्रकार का सांप काटने के बाद झाड़ फूंक में ना रहे और सीधा अस्पताल जाएं, जहां एंटी वेनम इंजेक्शन उपलब्ध है और इससे जान बचाई जा सकती है।