नवादा के अमझर के ऊपरकुंड से IIT रुड़की के छात्र का शव बरामद, परिजनों ने हत्या का लगाया आरोप
नवादा* जिले के रजौली थाना क्षेत्र अंतर्गत अमझर गांव के पास स्थित ऊपरकुंड से बुधवार को एक युवक का शव बरामद किया गया। मृतक की पहचान IIT रुड़की के छात्र के रूप में हुई है।
_पिता ने थानाध्यक्ष को लाइन हाजिर करने की मांग की, आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर प्रजातंत्र चौक जाम_
सुनील कुमार
*नवादा* जिले के रजौली थाना क्षेत्र अंतर्गत अमझर गांव के पास स्थित ऊपरकुंड से बुधवार को एक युवक का शव बरामद किया गया। मृतक की पहचान IIT रुड़की के छात्र के रूप में हुई है। शव मिलने के बाद परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा खड़ा कर दिया। आरोपियों की गिरफ्तारी और कार्रवाई की मांग को लेकर पीड़ित परिवार व ग्रामीणों ने नवादा के प्रजातंत्र चौक को घंटों जाम रखा।
*प्रतिबंधित कुंड में मिला शव* : मृतक छात्र का नाम आयुष राज बताया जा रहा है। वह नवादा जिले के रजौली प्रखंड के निवासी हेमंत राज का पुत्र था। ऊपरकुंड क्षेत्र को प्रशासन ने पहले से ही खतरनाक और प्रतिबंधित घोषित कर रखा है। इसके बावजूद छात्र का शव वहीं से बरामद होना कई सवाल खड़े कर रहा है। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।
*पिता का आरोप: “हत्या कर शव फेंका गया”*
मृतक के पिता हेमंत राज ने सीधे तौर पर हत्या का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि आयुष की सुनियोजित तरीके से हत्या कर शव को ऊपरकुंड में फेंका गया है। हेमंत राज ने पुलिस की भूमिका पर भी सवाल उठाए। उन्होंने थाली थानाध्यक्ष पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए उन्हें तत्काल लाइन हाजिर करने की मांग की।
*प्रजातंत्र चौक पर प्रदर्शन, लगा जाम*
घटना से आक्रोशित परिजन और सैकड़ों ग्रामीण शव के साथ नवादा शहर पहुंचे और प्रजातंत्र चौक को जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने “हत्यारों को फांसी दो”, “पुलिस प्रशासन मुर्दाबाद” के नारे लगाए। करीब दो घंटे तक मुख्य सड़क जाम रहने से आवागमन पूरी तरह ठप हो गया। मौके पर पहुंचे सदर एसडीपीओ और नगर थानाध्यक्ष ने लोगों को समझा-बुझाकर जाम हटवाया और 48 घंटे में कार्रवाई का आश्वासन दिया।

*पुलिस का बयान*
थाली थाना पुलिस ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला डूबने का लग रहा है, लेकिन परिजनों के आरोप के बाद हर एंगल से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल पाएगा। फिलहाल यूडी केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
*क्या है ऊपरकुंड?*
अमझर का ऊपरकुंड गहरी खाई और फिसलन भरी चट्टानों के कारण बेहद खतरनाक माना जाता है। हर साल यहां हादसे होते हैं, जिसके चलते जिला प्रशासन ने इसे प्रतिबंधित क्षेत्र घोषित कर रखा है। इसके बावजूद लोग चोरी-छिपे यहां जाते हैं।
फिलहाल पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है। IIT छात्र की मौत से पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है।
Divya Singh