Chhorii 2 Trailer: रिलीज हुआ ‘छोरी 2’ का दमदार ट्रेलर, बुरी शक्तियों से भिड़ती नजर आईं नुसरत भरुचा
Entertainment Desk: अमेजन प्राइम वीडियो की बहुप्रतीक्षित ओरिजनल हॉरर फिल्म ‘छोरी 2’ का ट्रेलर रिलीज कर दिया गया है। ट्रेलर में एक बार फिर नुसरत भरुचा साक्षी के किरदार में अपने बच्चे को बुरी और रहस्यमयी शक्तियों से बचाने की जंग लड़ती नजर आ रही हैं। फिल्म का ट्रेलर सस्पेंस, डर और लोककथाओं से भरपूर है, जो दर्शकों के बीच रोमांच बढ़ा रहा है।
ट्रेलर में दिखी डर और रहस्य से भरी दुनिया
‘छोरी 2’ का ट्रेलर दर्शकों को भूमिगत गुफाओं की रहस्यमयी और खौफनाक दुनिया में ले जाता है। कहानी साक्षी की उस डरावनी यात्रा को आगे बढ़ाती है, जहां वह अपने बच्चे की सुरक्षा के लिए अलौकिक शक्तियों का सामना करती है। इस बार खतरा पहले से कहीं ज्यादा बड़ा और घातक नजर आता है।
नुसरत भरुचा ने कही ये बात
फिल्म में साक्षी का किरदार निभा रहीं नुसरत भरुचा ने कहा,
“छोरी 2 में साक्षी के रूप में लौटना मेरे करियर के सबसे गहन और यादगार अनुभवों में से एक रहा है। अपने बच्चे की रक्षा करने के सात साल बाद, साक्षी का सबसे बड़ा डर सच हो जाता है, जिससे कहानी में भावनात्मक गहराई और रोमांच दोनों बढ़ जाते हैं।”
सोहा अली खान का नया अवतार
फिल्म में अहम भूमिका निभा रहीं सोहा अली खान ने कहा,
“छोरी 2 जैसी फिल्म का हिस्सा बनना मेरे लिए एक नई और रोमांचक चुनौती रही। इस फिल्म की सबसे खास बात यह है कि इसमें हॉरर के साथ भारतीय लोककथाओं और संस्कृति को खूबसूरती से जोड़ा गया है।”
स्टार कास्ट
‘छोरी 2’ में नुसरत भरुचा और सोहा अली खान के अलावा गश्मीर महाजनी, सौरभ गोयल, पल्लवी अजय, कुलदीप सरीन और हार्दिका शर्मा भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।
कब और कहां होगी रिलीज?
‘छोरी 2’ का प्रीमियर 11 अप्रैल 2025 को अमेजन प्राइम वीडियो पर होगा। यह फिल्म भारत सहित दुनिया के 240 से अधिक देशों और क्षेत्रों में स्ट्रीम की जाएगी।
dhananjaykumarroy