विश्व मानव व्यापार निषेध दिवस पर भारत-नेपाल सीमा पर जागरूकता रैली, मानव तस्करी रोकने का लिया संकल्प

विश्व मानव व्यापार निषेध दिवस के अवसर पर रक्सौल के सीमावर्ती पनटोका गांव में एसएसबी, बिहार पुलिस, नेपाल एपीएफ और कई स्वयंसेवी संस्थाओं के संयुक्त तत्वावधान में जागरूकता रैली निकाली गई। रैली के माध्यम से ग्रामीणों और स्कूली बच्चों को मानव तस्करी की रोकथाम, बाल सुरक्षा और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना देने के प्रति जागरूक किया गया।

विश्व मानव व्यापार निषेध दिवस पर भारत-नेपाल सीमा पर जागरूकता रैली, मानव तस्करी रोकने का लिया संकल्प
Image Slider
Image Slider
Image Slider

मोतिहारी/रक्सौल: विश्व मानव व्यापार निषेध दिवस के अवसर पर भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र के पनटोका गांव में 47वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (SSB), एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU), नेपाल सशस्त्र पुलिस बल (APF), हरैया थाना, रक्सौल थाना तथा विभिन्न स्वयंसेवी संस्थाओं के संयुक्त तत्वावधान में जागरूकता रैली का आयोजन किया गया।

रैली में स्कूली छात्र-छात्राओं, सुरक्षा बलों, पुलिस अधिकारियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने भाग लिया। इस दौरान सीमावर्ती क्षेत्र के लोगों को मानव तस्करी के प्रति जागरूक करते हुए इससे बचाव, रोकथाम और संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी संबंधित एजेंसियों तक पहुंचाने की अपील की गई।

रैली के दौरान छात्र-छात्राओं ने “जो मानव व्यापार कराएगा, जेल की हवा खाएगा”, “बच्चों की मुस्कान, देश की शान” और “मानव व्यापार मुक्त भारत हमारा संकल्प” जैसे नारों के माध्यम से पूरे गांव में जागरूकता का संदेश दिया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए 47वीं वाहिनी एसएसबी के सहायक कमांडेंट दिनकर कुमार त्रिपाठी ने कहा कि मानव तस्करी एक गंभीर सामाजिक अपराध है, जिसकी रोकथाम केवल सुरक्षा एजेंसियों की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी से ही संभव है। उन्होंने लोगों से किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या मानव तस्करी से जुड़ी गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस या संबंधित विभाग को देने की अपील की।

कार्यक्रम में 47वीं वाहिनी एसएसबी के इंस्पेक्टर कोमल सिंह, एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग टीम के अधिकारी, हरैया और रक्सौल थाना की पुलिस, नेपाल एपीएफ के प्रतिनिधि, विभिन्न स्वयंसेवी संस्थाओं के सदस्य, जनप्रतिनिधि, शिक्षक-शिक्षिकाएं, स्कूली छात्र-छात्राएं और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।