मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का औचक निरीक्षण: PMCH में 5000 बेड वाले एशिया के दूसरे सबसे बड़े अस्पताल के निर्माण कार्य का लिया जायजा

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज अचानक PMCH पहुंचकर 5000 बेड वाले अस्पताल के निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। यह अस्पताल बनकर तैयार होने के बाद एशिया का दूसरा सबसे बड़ा अस्पताल होगा और बिहार की स्वास्थ्य व्यवस्था को नई मजबूती देगा।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का औचक निरीक्षण: PMCH में 5000 बेड वाले एशिया के दूसरे सबसे बड़े अस्पताल के निर्माण कार्य का लिया जायजा
Image Slider
Image Slider
Image Slider

बिहार| बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज अचानक पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल (PMCH) परिसर पहुंचकर वहां चल रहे निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री का यह दौरा पूरी तरह औचक था, जिससे प्रशासनिक महकमे में हलचल देखने को मिली। इस दौरान उनके साथ बिहार के मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत भी मौजूद थे।

गौरतलब है कि पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल को 5000 बेड के अत्याधुनिक अस्पताल के रूप में विकसित किया जा रहा है। यह परियोजना पूरी होने के बाद PMCH एशिया का दूसरा सबसे बड़ा अस्पताल बन जाएगा, जहां एक साथ करीब 5000 मरीजों का इलाज संभव होगा। राज्य सरकार का दावा है कि यह अस्पताल बिहार ही नहीं, बल्कि पूरे पूर्वी भारत के लिए एक बड़ी स्वास्थ्य सुविधा साबित होगा।

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने निर्माण की प्रगति, गुणवत्ता और समय-सीमा को लेकर अधिकारियों से विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और परियोजना को तय समय में पूरा किया जाए। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि आम जनता को बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं देना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

PMCH की कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने के लिए इसे अटल पथ से जोड़ दिया गया है, जिससे मरीजों और उनके परिजनों को अस्पताल तक पहुंचने में कोई परेशानी न हो। अटल पथ से सीधी कनेक्टिविटी के कारण एंबुलेंस और आपातकालीन सेवाओं को भी तेजी से अस्पताल तक पहुंचाया जा सकेगा।

अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को बताया कि निर्माण कार्य लगातार प्रगति पर है और आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं को ध्यान में रखकर अस्पताल की संरचना तैयार की जा रही है। इसमें अत्याधुनिक ऑपरेशन थिएटर, आईसीयू, ट्रॉमा सेंटर, सुपर स्पेशियलिटी विभाग और आधुनिक जांच सुविधाएं शामिल होंगी।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार इससे पहले भी कई बार स्वास्थ्य परियोजनाओं की स्वयं निगरानी कर चुके हैं। उनके इस औचक निरीक्षण को सरकार की गंभीरता और जवाबदेही के रूप में देखा जा रहा है। माना जा रहा है कि मुख्यमंत्री के इस दौरे से निर्माण कार्य में और तेजी आएगी।

PMCH के 5000 बेड वाले अस्पताल के निर्माण से न सिर्फ पटना, बल्कि आसपास के जिलों और पड़ोसी राज्यों के मरीजों को भी बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।