भारत-बांग्लादेश सीरीज पर संशय बरकरार, खेल मंत्री अमीनुल हक को अब भी उम्मीद; BCCI की चुप्पी जारी
भारत और बांग्लादेश के बीच प्रस्तावित वनडे और टी20 सीरीज को लेकर अभी भी अनिश्चितता बनी हुई है। दोनों देशों के बीच सितंबर 2026 में सीरीज प्रस्तावित है,
स्पोर्ट्स डेस्क: भारत और बांग्लादेश के बीच प्रस्तावित वनडे और टी20 सीरीज को लेकर अभी भी अनिश्चितता बनी हुई है। दोनों देशों के बीच सितंबर 2026 में सीरीज प्रस्तावित है, लेकिन अब तक भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। इस बीच बांग्लादेश के युवा एवं खेल राज्य मंत्री अमीनुल हक ने उम्मीद जताई है कि दोनों देशों के बीच क्रिकेट सीरीज जरूर आयोजित होगी।
सितंबर में प्रस्तावित है भारत का बांग्लादेश दौरा
भारतीय टीम को पहले 2025 में बांग्लादेश का दौरा करना था, लेकिन इसे स्थगित कर सितंबर 2026 के लिए तय किया गया। हालांकि मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए सीरीज के आयोजन को लेकर संशय बना हुआ है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, अमीनुल हक ने कहा कि बांग्लादेश सरकार भारतीय टीम के स्वागत के लिए पूरी तरह तैयार है और खेल दोनों देशों के रिश्तों को बेहतर बनाने का माध्यम बन सकता है।
टी20 विश्व कप विवाद के बाद बढ़ी अनिश्चितता
इस साल भारत में आयोजित टी20 विश्व कप के दौरान बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने अपनी टीम को भारत भेजने से इनकार कर दिया था। इसके बाद आईसीसी की कोशिशों के बावजूद बांग्लादेश टूर्नामेंट का हिस्सा नहीं बन सका और उसकी जगह स्कॉटलैंड को शामिल किया गया।
इस घटनाक्रम के बाद दोनों देशों के क्रिकेट संबंधों को लेकर कई सवाल उठे और प्रस्तावित द्विपक्षीय सीरीज पर भी असर पड़ता दिखाई दिया।
मीडिया राइट्स प्रक्रिया भी रोकी गई
हाल ही में बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने भारत के खिलाफ प्रस्तावित सीरीज के मीडिया राइट्स बेचने की प्रक्रिया शुरू की थी, लेकिन बाद में इसे अचानक रोक दिया गया। इससे सीरीज के भविष्य को लेकर अटकलें और तेज हो गई हैं।
BCB ने बनाई जांच समिति
बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने यह जांच करने के लिए एक समिति भी गठित की है कि भारत में आयोजित टी20 विश्व कप में हिस्सा न लेने का फैसला किन परिस्थितियों में लिया गया था।
BCCI की ओर से नहीं आया कोई बयान
फिलहाल BCCI ने भारत के बांग्लादेश दौरे को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है। ऐसे में सीरीज के आयोजन पर अंतिम फैसला अभी बाकी है। क्रिकेट प्रशंसकों की नजर अब दोनों बोर्डों के अगले कदम और आधिकारिक घोषणा पर टिकी हुई है।
dhananjaykumarroy