पटना-हावड़ा वंदे भारत एक्सप्रेस का जमुई स्टेशन पर ठहराव, खेल मंत्री श्रेयसी सिंह और सांसद अरुण भारती ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना
पटना-हावड़ा वंदे भारत एक्सप्रेस का ठहराव शुक्रवार से जमुई रेलवे स्टेशन पर शुरू हो गया। खेल एवं उद्योग मंत्री श्रेयसी सिंह और सांसद अरुण भारती ने ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
जमुई:पटना-हावड़ा वंदे भारत एक्सप्रेस का ठहराव शुक्रवार से जमुई रेलवे स्टेशन पर शुरू हो गया। लंबे समय से की जा रही मांग पूरी होने पर जिले में खुशी का माहौल देखा गया।बिहार सरकार की खेल एवं उद्योग मंत्री श्रेयसी सिंह और सांसद अरुण भारती ने संयुक्त रूप से ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।इस मौके पर रेलवे के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे। वंदे भारत एक्सप्रेस के ठहराव शुरू होने से जमुई सहित आसपास के यात्रियों को पटना और हावड़ा के बीच तेज, आधुनिक और सुविधाजनक रेल सेवा का लाभ मिलेगा।

डाउन वंदे भारत का जमुई स्टेशन पर निर्धारित समय सुबह 9:49 बजे आगमन और 9:51 बजे प्रस्थान रखा गया है, जबकि अप ट्रेन रात 8:05 बजे पहुंचेगी और 8:07 बजे रवाना होगी। हालांकि पहले ही दिन ट्रेन करीब 25 मिनट देरी से पहुंची और सुबह 10:15 बजे जमुई स्टेशन पहुंची।

मौके पर मंत्री श्रेयसी सिंह ने कहा कि वंदे भारत ट्रेन का ठहराव जमुई जिले के विकास की दिशा में बड़ा कदम है। उन्होंने कहा कि व्यवसाय, पर्यटन और आम यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री और बिहार सरकार के सहयोग से यह संभव हो पाया। साथ ही उन्होंने लोगों से ईंधन की बचत और अधिक से अधिक पब्लिक ट्रांसपोर्ट के उपयोग की अपील भी की।
सांसद अरुण भारती ने कहा कि चुनाव के दौरान जनता द्वारा उठाई गई कई मांगों को एनडीए सरकार पूरा करने का प्रयास कर रही है। कटौना हॉल्ट, शेखपुरा में ट्रेनों के ठहराव और अब वंदे भारत के जमुई ठहराव को इसी दिशा में उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि 18 से अधिक ट्रेनों के ठहराव की मांग रेल मंत्री के समक्ष रखी गई है और आगे भी प्रयास जारी रहेगा। एनडीए में श्रेय लेने की होड़ के सवाल पर सांसद ने कहा कि यह सामूहिक प्रयास का परिणाम है और इसका श्रेय जमुई की जनता को मिलना चाहिए। बन्दे भारत ट्रेन के ठहराव की जानकारी के बाद स्टेशन पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जुट गई। जमुई से NBC 24 के लिए हसनैन खान की रिपोर्ट
dhananjaykumarroy