तिलक वर्मा पर भड़के क्रिस श्रीकांत, बोले- ‘जल्द टी20 कप्तान बनाए जाएंगे’, टीम मैनेजमेंट पर भी उठाए सवाल
इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज में भारतीय टीम के खराब प्रदर्शन के बीच पूर्व भारतीय कप्तान क्रिस श्रीकांत ने उपकप्तान तिलक वर्मा और टीम मैनेजमेंट पर तीखा हमला बोला है।
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली: इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज में भारतीय टीम के खराब प्रदर्शन के बीच पूर्व भारतीय कप्तान क्रिस श्रीकांत ने उपकप्तान तिलक वर्मा और टीम मैनेजमेंट पर तीखा हमला बोला है। श्रीकांत ने दावा किया कि टीम मैनेजमेंट तिलक वर्मा को हर हाल में आगे बढ़ाना चाहता है और भविष्य में उन्हें टी20 टीम का कप्तान बनाने की तैयारी कर रहा है।
अपने यूट्यूब चैनल पर श्रीकांत ने कहा, “तिलक पहले से ही उपकप्तान हैं और ऐसा लग रहा है कि जल्द ही उन्हें कप्तान भी बना दिया जाएगा। लेकिन वह तेज गेंदबाजी और बाउंस के खिलाफ संघर्ष कर रहे हैं। मैं उनकी जगह संजू सैमसन को मौका देना पसंद करूंगा।”
श्रीकांत ने टीम मैनेजमेंट पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि अगर तिलक मुख्य बल्लेबाज हैं तो उन्हें अक्षर पटेल से नीचे क्यों भेजा जा रहा है। उनके मुताबिक, टीम प्रबंधन तिलक को शॉर्ट बॉल से बचाने की कोशिश कर रहा है, जिससे उनकी कमजोरी साफ नजर आती है।
टी20 टीम के उपकप्तान बनने के बाद तिलक वर्मा का प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा है। उन्होंने हालिया मैचों में 19, 55, 13, 24 और 3 रन* बनाए हैं। आयरलैंड के खिलाफ अर्धशतक लगाने के बावजूद वह टीम को जीत नहीं दिला सके, जबकि इंग्लैंड के खिलाफ भी उनका बल्ला अब तक खामोश रहा है।
भारत फिलहाल इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज में 0-2 से पीछे है और टीम की बल्लेबाजी लगातार सवालों के घेरे में है। ऐसे में तिलक वर्मा की फॉर्म और उनकी भूमिका को लेकर बहस तेज हो गई है।
dhananjaykumarroy