जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ में जैश-ए-मोहम्मद का कमांडर सैफुल्ला समेत 3 आतंकी ढेर, भारी मात्रा में हथियार और गोला- बारुद बरामद

जम्मू कश्मीर के किश्तवाड़ जिले में सुरक्षा बलों ने एनकाउंटर में पाकिस्तान के आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद के तीन आतंकवादियों को मार गिराया।

जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ में जैश-ए-मोहम्मद का कमांडर सैफुल्ला समेत 3 आतंकी ढेर, भारी मात्रा में हथियार और गोला- बारुद बरामद
Image Slider
Image Slider
Image Slider

जम्मू-कश्मीर: जम्मू कश्मीर के किश्तवाड़ जिले में भारतीय सेना ने बड़ी कार्रवाई की है। रविवार को सुरक्षा बलों ने एनकाउंटर में पाकिस्तान के आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद (JeM) के तीन आतंकवादियों को मार गिराया। सेना के अधिकारियों ने बताया कि मारे गए तीनों आतंकवादियों के शव बुरी तरह झुलस गए हैं। उन्होंने कहा कि सुरक्षा एजेंसियों की शुरुआती जांच में पता चला है कि मारे गए आतंकियों में जैश-ए-मोहम्मद (जेईएम) का एक कुख्यात कमांडर सैफुल्ला भी हो सकता है।

जैश-ए-मोहम्मद का कुख्यात कमांडर ढेर
खबरों के मुताबिक, सैफुल्ला ने लगभग पांच साल पहले जम्मू कश्मीर में घुसपैठ किया था और तब से इस क्षेत्र में सक्रिय था। उस पर सुरक्षा बलों पर कई घातक हमलों की साजिश रचने का आरोप है। इनमें जुलाई 2024 का हमला भी शामिल है, जिसमें एक कैप्टन समेत चार जवान शहीद हो गए थे। सैफुल्ला पहले भी कई मुठभेड़ों के दौरान बच निकला था।

चतरू वन क्षेत्र में 18 जनवरी से अब तक आतंकवादियों और सुरक्षाबलों के बीच लगभग छह मुठभेड़ हुईं। इनमें एक सैनिक शहीद हो गया जबकि एक आतंकवादी मारा गया था। रविवार को तीन आतंकवादियों के मारे जाने के साथ ही इस साल जम्मू क्षेत्र में अलग-अलग मुठभेड़ों में सुरक्षाबलों ने जैश-ए-मोहम्मद के कुल सात आतंकवादियों को मार गिराया है।