बिहार: खरना का प्रसाद लेकर लौट रहे पूर्व मुखिया पर ताबड़तोड़ फायरिंग, चार गोलियां लगने से हालत गंभीर
बिहार के भागलपुर जिले के नवगछिया में अपराधियों ने पूर्व मुखिया अजय सिंह पर जानलेवा हमला किया है। शनिवार शाम कदवा थाना क्षेत्र में पकड़वासा और कासिमपुर गांव के बीच घात लगाए बदमाशों ने उन्हें रोककर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं।
भागलपुर: बिहार के भागलपुर जिले के नवगछिया में अपराधियों ने पूर्व मुखिया अजय सिंह पर जानलेवा हमला किया है। शनिवार शाम कदवा थाना क्षेत्र में पकड़वासा और कासिमपुर गांव के बीच घात लगाए बदमाशों ने उन्हें रोककर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। इस हमले में अजय सिंह को चार गोलियां लगी हैं। गंभीर रूप से घायल पूर्व मुखिया को बेहतर इलाज के लिए बेगूसराय रेफर किया गया है।
प्रसाद लेकर लौट रहे थे पूर्व मुखिया
जानकारी के मुताबिक, पूर्व मुखिया अजय सिंह शनिवार शाम एक ग्रामीण के घर से खरना का प्रसाद लेकर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान पकड़वासा और कासिमपुर गांव के बीच पहले से घात लगाए बैठे अपराधियों ने उन्हें रास्ते में रोक लिया। इसके बाद बदमाशों ने अचानक उन पर फायरिंग शुरू कर दी। ताबड़तोड़ गोलीबारी में चार गोलियां लगने से अजय सिंह सड़क पर गिर पड़े।
ग्रामीणों ने दो आरोपियों को पकड़ा
गोलीबारी की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। इस दौरान भागने की कोशिश कर रहे दो आरोपियों को ग्रामीणों ने खदेड़कर पकड़ लिया। घायल अजय सिंह को स्थानीय लोगों की मदद से नवगछिया अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए बेगूसराय रेफर कर दिया।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहन सिंह और आशीष कुमार के रूप में की है। दोनों से पूछताछ की जा रही है।
ज्योतिष हत्याकांड से जुड़ रहे हमले के तार
पुलिस इस घटना को 13 अक्टूबर को हुई ज्योतिष की हत्या से जोड़कर भी जांच कर रही है। ज्योतिष, खोखा सिंह का बेटा था, जिसकी गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। ऐसे में अजय सिंह पर हुए हमले के पीछे पुरानी रंजिश की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, हमले की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है।
नवगछिया के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सायम रजा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में घटना का कारण पूर्व की दुश्मनी सामने आया है। ग्रामीणों के सहयोग से पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। घटनास्थल से एक देसी कट्टा और एक खोखा बरामद किया गया है। इसके अलावा कुछ अन्य सामान भी मिले हैं।
उन्होंने बताया कि घटनास्थल पर एफएसएल की टीम पहुंचकर वैज्ञानिक तरीके से जांच कर रही है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि वारदात में अन्य कौन-कौन लोग शामिल थे और हमले की साजिश कहां रची गई थी।
pranavpr