लुटेरी दुल्हन ने मंदिर में रचाई शादी, अगली सुबह 1 लाख कैश और जेवर समेटकर फरार

गया के मानपुर में 'दुल्हन गैंग' का बड़ा कारनामा। मंदिर में शादी के अगले ही दिन 1 लाख कैश और लाखों के जेवर समेटकर दूल्हे को चकमा दे फरार हुई लुटेरी दुल्हन। जांच में जुटी पुलिस।

लुटेरी दुल्हन ने मंदिर में रचाई शादी, अगली सुबह 1 लाख कैश और जेवर समेटकर फरार
अंतरराज्यीय 'दुल्हन गैंग' का शक, दो हिरासत में
Image Slider
Image Slider
Image Slider

गया (मानपुर)। बिहार के गया जी के मानपुर इलाके से शादी के नाम पर ठगी का एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक कथित 'दुल्हन गैंग' ने पहले तो धूमधाम से मंदिर में शादी रचाई और फिर अगली ही सुबह लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात, नए कपड़े और ₹1 लाख कैश लेकर फरार हो गई। इस हाई-प्रोफाइल ठगी के बाद पीड़ित परिवार ने मुफस्सिल थाना में शिकायत दर्ज कराई है, जिसके बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।

ठगी के शिकार हुए उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद (होंडा कॉलोनी) निवासी धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि वे अपने छोटे भाई रवींद्र की शादी के लिए परेशान थे। इसी बीच गया की लालमुनि देवी और बहोरा बिगहा निवासी रवि यादव ने उनसे संपर्क किया और शादी कराने की बात तय की। शादी की बात आगे बढ़ने पर दूल्हा पक्ष से जेवर, कपड़े और ₹1 लाख एडवांस कैश ले लिए गए।

तय प्लान के मुताबिक, मानपुर के कुम्हार टोली स्थित एक मंदिर में हिंदू रीति-रिवाज से रवींद्र और कथित दुल्हन की शादी कराई गई। रात कटी और अगली सुबह विदाई भी हो गई। ट्विस्ट तब आया जब पूरा परिवार गया जंक्शन से गाजियाबाद लौटने की तैयारी कर रहा था। इसी दौरान स्टेशन के बाहर एक अज्ञात युवक बाइक लेकर पहुंचा। दुल्हन पलक झपकते ही उस बाइक पर बैठी और दोनों हवा हो गए। दूल्हा और उसका परिवार देखता ही रह गया।

अंतरराज्यीय 'दुल्हन गैंग' का शक, दो हिरासत में:

इस पूरी वारदात के पीछे एक सोची-समझी साजिश और बड़े नेटवर्क का हाथ होने की आशंका है। मामले में उत्तर प्रदेश के इलियास खान और शकील नामक दो युवकों की भूमिका भी संदिग्ध पाई गई है, जिससे यह साफ हो रहा है कि यह गिरोह बिहार से लेकर यूपी तक फैला है।

पुलिस एक्शन अपडेट:

  • मुफस्सिल थानाध्यक्ष देवराज इंद्र ने बताया कि पीड़ित पक्ष की तहरीर पर तुरंत एक्शन लिया गया है।
  • कथित दुल्हन की बहन बताने वाली एक महिला और यूपी के एक अधेड़ व्यक्ति को हिरासत में लेकर कड़ी पूछताछ की जा रही है।
  • पुलिस का दावा है कि जल्द ही इस अंतरराज्यीय 'लुटेरी दुल्हन गैंग' का भंडाफोड़ कर दिया जाएगा।