नवादा: इलाज कराने झारखंड गया था परिवार, पीछे से चोरो ने उड़ा दिए लाखो की सम्पति...

नवादा के सिरदला में बंद घर का ताला तोड़ चोरों ने लाखों की चोरी की। 2 दिनों में दूसरी बड़ी वारदात से ग्रामीणों में दहशत , पूरी खबर पढ़ें।

नवादा: इलाज कराने झारखंड गया था परिवार, पीछे से चोरो ने उड़ा दिए लाखो की सम्पति...
चोरी के बाद घर में अस्त-व्यस्त सामान।
Image Slider
Image Slider
Image Slider

नवादा जिले के सिरदला थाना क्षेत्र के खनपुर पंचायत अंतर्गत परनपुर गांव से बड़ी चोरी की खबर सामने आ रही है। गुरुवार देर रात अज्ञात चोरों ने एक बंद घर को निशाना बनाकर लाखों रुपये के कीमती सामान और जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। चोरों ने मुख्य दरवाजे का ताला तोड़ने के बाद घर के अंदर रखी गोदरेज, अलमारी, बक्सा और पेटियों को बेरहमी से कटर या भारी औजारों से तोड़ डाला। दो दिनों के भीतर इलाके में चोरी की यह दूसरी बड़ी वारदात है, जिससे ग्रामीणों में भारी दहशत है।

इलाज के लिए झारखंड गया था परिवार - पीड़ित महेश कपूर के पुत्र चंदन कुमार ने बताया कि पूरा परिवार वर्तमान में झारखंड के रामगढ़ जिले के कुज्जू में रहकर नौकरी करता है। पिता की तबीयत खराब होने के कारण उन्हें इलाज के लिए साथ ले जाया गया था और घर पिछले एक महीने से बंद था। घर की देखरेख गांव के ही गंगा राम करते थे, जो सिर्फ दिन में रहते थे और रात को अपने घर चले जाते थे। शुक्रवार सुबह जब चोरी का पता चला, तो गांव वालों ने वीडियो बनाकर भेजा, जिसे देख परिवार के होश उड़ गए। घर के सभी कमरों के ताले टूटे हुए थे और सामान बिखरा पड़ा था।

अंधेरे का फायदा उठाकर चोरों ने मचाया उत्पात - चोरों ने किचन से लेकर बेडरूम तक, घर के हर कोने को खंगाला। चंदन कुमार ने बिजली विभाग पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा: "घर में लंबे समय से बिजली की समस्या थी। कनिय अभियंता (Junior Engineer) और सहायक अभियंता (Assistant Engineer) को लिखित आवेदन देने के बावजूद बिजली बहाल नहीं की गई। अगर घर में बिजली होती, तो शायद अंधेरे का फायदा उठाकर चोर इस घटना को अंजाम नहीं दे पाते। अंधेरे के कारण घर की देखरेख करने वाले गंगा राम भी रात में अपने घर चले जाते थे।"

पुलिस गश्ती पर उठे सवाल, थाना अध्यक्ष बेखबर! - बता दें कि दो दिन पहले (मंगलवार देर रात) ही रजौली थाना क्षेत्र के कैरिखाप गांव के दिना बीघा टोला में पैक्स अध्यक्ष के भाई गोवर्धन यादव के घर भी लाखों की चोरी हुई थी। लगातार हो रही वारदातों ने पुलिस गश्ती की पोल खोल दी है। परनपुर की घटना के बाद डायल 112 की टीम के पदाधिकारी हिमांशु पटेल और सिपाही अस्तूरण देवी मौके पर पहुंचे। लेकिन हैरत की बात यह है कि सिरदला थाना अध्यक्ष सुरेंद्र कुमार ने कहा कि उन्हें अभी तक इस घटना की कोई आधिकारिक सूचना ही नहीं मिली है। पटना से NBC 24 के लिए अंकित कुमार की रिपोर्ट।