‘जन नायकन’ की रिलीज डेट तय! 24 जुलाई को सिनेमाघरों में दस्तक देगी थलपति विजय की आखिरी फिल्म
थलपति विजय के प्रशंसकों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। लंबे इंतजार के बाद उनकी बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘जन नायकन’ की रिलीज डेट तय हो गई है।
Entertainment Desk: थलपति विजय के प्रशंसकों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। लंबे इंतजार के बाद उनकी बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘जन नायकन’ की रिलीज डेट तय हो गई है। इंटरनेशनल डिस्ट्रीब्यूटर्स को फिल्म की 24 जुलाई 2026 की रिलीज के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म को इस सप्ताहांत तक सेंट्रल बोर्ड ऑफ फिल्म सर्टिफिकेशन (CBFC) से सेंसर सर्टिफिकेट मिलने की उम्मीद है। इसके बाद मेकर्स आधिकारिक तौर पर रिलीज डेट का ऐलान करेंगे।
हिंदी में ‘जन नेता’ नाम से होगी रिलीज
केवीएन प्रोडक्शंस के बैनर तले बनी ‘जन नायकन’ हिंदी में ‘जन नेता’ नाम से रिलीज होगी। यह फिल्म थलपति विजय के अभिनय करियर की आखिरी फिल्म मानी जा रही है। राजनीति में सक्रिय होने और तमिलनाडु के मुख्यमंत्री बनने के बाद विजय ने फिल्मों से दूरी बना ली है, ऐसे में फैंस इस फिल्म का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
पहले पोंगल पर होनी थी रिलीज
फिल्म की रिलीज पहले 9 जनवरी 2026 को पोंगल के मौके पर तय की गई थी। हालांकि, सेंसर बोर्ड से सर्टिफिकेट मिलने में देरी और अन्य प्रक्रियाओं के चलते इसकी रिलीज टाल दी गई। अब करीब सात महीने बाद फिल्म आखिरकार बड़े पर्दे पर आने के लिए तैयार है।
ट्रेड एनालिस्ट रमेश बाला ने दी पुष्टि
इडस्ट्री ट्रेड एनालिस्ट रमेश बाला ने बताया कि फिल्म को इस शनिवार तक सेंसर सर्टिफिकेट मिलने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि इंटरनेशनल डिस्ट्रीब्यूटर्स को पहले ही रिलीज की जानकारी दे दी गई है ताकि वे समय रहते स्क्रीन बुकिंग और अन्य तैयारियां पूरी कर सकें।
रमेश बाला के अनुसार, भारत में डिस्ट्रीब्यूटर्स को फिलहाल अनौपचारिक रूप से जानकारी दी गई है। सेंसर सर्टिफिकेट मिलने के बाद मेकर्स रिलीज डेट की आधिकारिक घोषणा करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि भारत में रिलीज से दो दिन पहले तक भी स्क्रीन बुकिंग की जा सकती है, इसलिए किसी तरह की जल्दबाजी नहीं है।
फैंस में जबरदस्त उत्साह
‘जन नायकन’ को लेकर दर्शकों के बीच जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। थलपति विजय की आखिरी फिल्म होने के कारण इसे लेकर सोशल मीडिया पर भी लगातार चर्चा हो रही है। अब सभी की निगाहें मेकर्स की आधिकारिक घोषणा और 24 जुलाई को होने वाली फिल्म की ग्रैंड रिलीज पर टिकी हैं।
dhananjaykumarroy