बिहार विधानमंडल का बजट सत्र आज से शुरू, मंगलवार को पेश होगा 'बिहार का बजट', नीट छात्रा मौत मामले पर सदन में हंगामे के आसार

बिहार विधानमंडल का बजट सत्र आज से शुरु हो रहा है

बिहार विधानमंडल का बजट सत्र आज से शुरू, मंगलवार को पेश होगा 'बिहार का बजट', नीट छात्रा मौत मामले पर सदन में हंगामे के आसार
Image Slider
Image Slider
Image Slider

पटना: बिहार विधानमंडल का बजट सत्र आज से शुरु हो रहा है. यह सत्र 27 फरवरी तक चलेगा. सत्र की शुरुआत राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान के अभिभाषण के साथ होगी. इसके बाद कल यानी मंगलवार को वित्त मंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव सदन के पटल पर बजट पेश करेंगे. बता दें कि इस बजट सत्र में कुल 19 बैठके होनी हैं. जिसमें सरकार अपने विकास एजेंडे के साथ भविष्य का रोडमैप पेश करेगी. 3 फरवरी को बजट पेश होने के बाद 4 फरवरी को शब-ए-बरात के कारण सदन की कार्यवाही नहीं चलेगी. इसके बाद 5 फरवरी को राज्यपाल के अभिभाषण पर सरकार का जवाब होगा. 6 से 20 फरवरी को बजट पर सामान्य विमर्श और मतदान होगा. 14 से 26 फरवरी को राजकीय विधेयक पेश होगा.  वहीं विपक्ष की ओर से सत्तापक्ष को घेरने की पूरी कोशिश की जाएगी. पटना में नीट छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत मामले में विपक्षी सदस्य सरकार को घेरते नजर आ सकते हैं.

बिहार सरकार के बजट 2026 का फोकस मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के ‘सात निश्चय-3’ के वादों को पूरा करने पर रहेगा. पिछले विधानसभा चुनाव में किए गए वादों को इसी एजेंडे में समाहित करते हुए अगले पांच वर्षों में राज्य की प्रति व्यक्ति आय को दोगुना करने का लक्ष्य रखा गया है. इसके लिए वर्तमान प्रति व्यक्ति आय में हर साल कम से कम 16 प्रतिशत वृद्धि हासिल करनी होगी.