बच्चे की पिटाई की शिकायत की तो शिक्षिका ने मां को दी 'उठाकर पटकने' की धमकी, वीडियो वायरल!

सासाराम के बिक्रमगंज में प्राइवेट स्कूल की शिक्षिका का वीडियो वायरल। बच्चे की पिटाई की शिकायत करने आई मां को दी 'उठाकर पटकने' की धमकी। शिक्षा विभाग ने बैठाई जांच।

बच्चे की पिटाई की शिकायत की तो शिक्षिका ने मां को दी 'उठाकर पटकने' की धमकी, वीडियो वायरल!
Image Slider
Image Slider
Image Slider

बिहार के रोहतास (सासाराम) जिले के बिक्रमगंज से सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने शिक्षा के मंदिर को शर्मसार कर दिया है। बिक्रमगंज के आरा रोड स्थित एक निजी विद्यालय 'विद्या वाहिनी पब्लिक स्कूल' में एक शिक्षिका और छात्र की मां के बीच जमकर हाई-वोल्टेज ड्रामा हुआ। आरोप है कि बच्चे की पिटाई का विरोध करने आई मां को शिक्षिका ने सरेआम धमकाया और मर्यादा की सारी सीमाएं लांघ दीं।

​(नोट: इस वायरल वीडियो की हमारा न्यूज पोर्टल स्वतंत्र पुष्टि नहीं करता है।)

​मिली जानकारी के अनुसार, स्कूल में एक बच्चे की बेरहमी से पिटाई की गई थी। जब मासूम बच्चे की मां इसकी शिकायत लेकर स्कूल पहुंची और शिक्षिका से सवाल-जवाब करने लगी, तो शिक्षिका शालीनता दिखाने के बजाय भड़क उठीं। वीडियो में साफ दिख रहा है कि बहस के दौरान शिक्षिका बच्चे की मां को धमकाते हुए कह रही हैं कि वे उन्हें "उठाकर पटक देंगी।" स्कूल परिसर में हुआ यह तमाशा वहां मौजूद किसी व्यक्ति ने कैमरे में कैद कर लिया, जो अब इंटरनेट पर आग की तरह फैल रहा है।

​वीडियो के सोशल मीडिया पर वायरल होने और लोगों के गुस्से को देखते हुए शिक्षा विभाग तुरंत एक्शन मोड में आ गया है। जिला शिक्षा पदाधिकारी मदन राय ने मामले को गंभीरता से लेते हुए बिक्रमगंज के प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी (BEO) को जांच की कमान सौंप दी है। डीईओ मदन राय ने साफ कहा है कि, "जांच रिपोर्ट के आधार पर दोषी शिक्षिका और स्कूल प्रबंधन के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। बच्चों या अभिभावकों के साथ ऐसा व्यवहार बर्दाश्त नहीं होगा।"

​मां ने नहीं दर्ज कराया केस: हैरानी की बात यह है कि इस पूरे विवाद और धमकी के बाद भी पीड़ित बच्चे की मां ने अब तक स्थानीय थाने में कोई लिखित शिकायत या केस दर्ज नहीं कराया है। हालांकि, इलाके में इस वीडियो को लेकर जबरदस्त चर्चा है और लोग निजी स्कूलों की मनमानी और शिक्षकों के इस बर्ताव पर आक्रोश जता रहे हैं।