ब्रेन का ऑपरेशन करने के दौरान 14 वर्षीय बच्ची ने तोड़ा दम, डॉक्टर-स्टाफ अस्पताल छोड़कर फरार

सहरसा के आशा इमरजेंसी हॉस्पिटल में इलाज में लापरवाही का आरोप। ब्रेन के ऑपरेशन के दौरान 14 वर्षीय काजल की मौत, परिजनों का हंगामा व सड़क जाम। डॉक्टर-स्टाफ फरार।

ब्रेन का ऑपरेशन करने के दौरान 14 वर्षीय बच्ची ने तोड़ा दम, डॉक्टर-स्टाफ अस्पताल छोड़कर फरार
गुस्साए परिजनों ने मुख्य मार्ग किया जाम
Image Slider
Image Slider
Image Slider

सहरसा। सहरसा जिले के बनगांव रोड स्थित 'आशा इमरजेंसी हॉस्पिटल एंड चाइल्ड केयर' से एक बेहद दुखद और आक्रोशित कर देने वाली खबर सामने आई है। सोमवार देर शाम अस्पताल में ऑपरेशन के दौरान एक 14 वर्षीय मासूम बच्ची की मौत हो गई। मृत बच्ची की पहचान महिषी थाना क्षेत्र के झाझा नवटोलिया निवासी गंगाराम मुखिया की पुत्री काजल कुमारी के रूप में हुई है।

'ठीक होने का दिया था भरोसा, लेकिन छीन ली जिंदगी'

रोते-बिलखते परिजनों ने अस्पताल प्रशासन और डॉक्टरों पर इलाज में घोर लापरवाही का आरोप लगाया है। परिजनों के अनुसार, बच्ची की तबीयत खराब होने पर उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया था। डॉक्टरों ने मेडिकल जांच के बाद बताया था कि बच्ची के ब्रेन में पानी भर गया है। डॉक्टर ने परिजनों को पूरा भरोसा दिया था कि ऑपरेशन के बाद बच्ची पूरी तरह ठीक हो जाएगी। लेकिन परिजनों का आरोप है कि गलत इलाज या लापरवाही के कारण ऑपरेशन के दौरान ही काजल की जान चली गई।

जैसे ही बच्ची की मौत की खबर सामने आई, परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। परिजनों और स्थानीय लोगों ने अस्पताल परिसर के बाहर जमकर हंगामा किया और न्याय व मुआवजे की मांग को लेकर बनगांव-बरियाही मुख्य मार्ग को पूरी तरह जाम कर दिया। सड़क जाम होने से वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। वहीं, स्थिति बिगड़ती देख अस्पताल के डॉक्टर, पैरामेडिकल स्टाफ और कर्मचारी मौके से फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची और आक्रोशित परिजनों को समझा-बुझाकर शांत कराने का प्रयास किया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पीड़ित परिवार से लिखित आवेदन (शिकायत) मिलने के बाद मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।