बिहार में लोस चुनाव से पहले बिहार पुलिस में बड़ा फेरबदल, 167 डीएसपी का हुआ तबादला

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के गृह विभाग के मातहत राज्य पुलिस मुख्यालय ने बड़े पैमाने पर बिहार पुलिस सेवा के अफसरों के तबादले का आदेश जारी किया है। विभाग की ओर से एक साथ 167 डीएसपी रैंक के अधिकारियों का ट्रांसफर किया गया है।

बिहार में लोस चुनाव से पहले बिहार पुलिस में बड़ा फेरबदल, 167 डीएसपी का हुआ तबादला

PATNA: शनिवार 16 मार्च को चुनाव आयोग 2024 लोकसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान करने जा रही है। दोपहर के तीन बजे आयोग प्रेस कांफ्रेंस करेगी। जिसके बाद से पूरे देश में आदर्श आचार संहिता लागू हो जाएगी। इससे पहले बिहार में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के गृह विभाग के मातहत राज्य पुलिस मुख्यालय ने बड़े पैमाने पर बिहार पुलिस सेवा के अफसरों के तबादले का आदेश जारी किया है। विभाग की ओर से एक साथ 167 डीएसपी रैंक के अधिकारियों का ट्रांसफर किया गया है। इनमें एक दर्जन से अधिक पुलिस उपाधीक्षकों को पुलिस अधीक्षक की बड़ी जिम्मेदारी दी गई है। पटना में भी डेढ़ दर्जन डीएसपी पदाधिकारी बदल गए हैं। इसके अलावा हाल ही में इंस्पेक्टर से डीएसपी का उच्चतर प्रभार पाने वाले करीब 96 पदाधिकारियों का भी नव पदस्थापन किया गया है। विभाग ने इसकी अधिसूचना जारी कर दी है।

43 अनुमंडलों में नए एसडीपीओ

गृह विभाग ने अपराध को लेकर संवेदनशील 43 अनुमंडलों में एक-एक अतिरिक्त एसडीपीओ की प्रतिनियुक्ति की है। इनमें पटना के साथ बेतिया, छपरा, सिवान, गोपालगंज, मुजफ्फरपुर, सीतामढ़ी, गया, जहानाबाद, नवादा, सासाराम, आरा, रोहतास आदि जिलों के अनुमंडल शामिल हैं।

डीएसपी मुख्यालय और अन्य

·         एक दर्जन से अधिक जिलों के डीएसपी मुख्यालय भी बदल गए हैं।

·         पटना में दो ट्रैफिक डीएसपी भी बदल गए हैं।

·         निगरानी अन्वेषण ब्यूरो, आतंकवाद निरोधक दस्ता, एसटीएफ में भी नए डीएसपी की प्रतिनियुक्ति की गई है।

·         यह फेरबदल राज्य में अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए किया गया है।