मुख्यमंत्री ने निर्माणाधीन डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम साइंस सिटी का किया निरीक्षण, तेजी से कार्य पूर्ण करने के निर्देश
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पटना के राजेन्द्रनगर में 21 एकड़ में बन रहे डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम साइंस सिटी का निरीक्षण किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने साइंस सिटी के निर्माण कार्य की प्रगति की जानकारी ली और साइंस सिटी के परिसर तथा विभिन्न भागों का जायजा लिया। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को तेजी से कार्य पूर्ण करने का निर्देश दिया।

PATNA : मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पटना के राजेन्द्रनगर में 21 एकड़ में बन रहे डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम साइंस सिटी का निरीक्षण किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने साइंस सिटी के निर्माण कार्य की प्रगति की जानकारी ली और साइंस सिटी के परिसर तथा विभिन्न भागों का जायजा लिया। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को तेजी से कार्य पूर्ण करने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम साइंस सिटी विज्ञान के प्रचार-प्रसार के लिए विश्व के बेहतरीन केन्दों में से एक और अपने आप में विशिष्ट होगा। इस साइंस सिटी के निर्माण को लेकर कई विशेषज्ञों की राय ली गयी है। साइंस सिटी का निर्माण कार्य पूर्ण होने के पश्चात् यहां आनेवाले छात्र-छात्राओं को विज्ञान की मूलभूत बातें, गतिविधियों और विज्ञान के सिद्धांतों को सरलता से समझने में सुविधा होगी तथा विज्ञान में उनकी रूचि बढ़ेगी। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को आधुनिक तकनीकों का उपयोग कर यहां बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान भवन निर्माण विभाग के सचिव कुमार रवि ने मुख्यमंत्री को डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम साइंस सिटी के निर्माण कार्य के संबंध में जानकारी देते हुये बताया कि साइंस सिटी के भवनों का निर्माण कार्य लगभग पूरा किया जा चुका है। डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम साइंस सिटी में 5 बड़े-बड़े हॉल बनाये गये हैं, जिसमें विज्ञान से संबंधित प्रदशों को 5 गैलरी के माध्यम से दर्शाया जा रहा है। बीए साइंटिस्ट गैलरी, सस्टेनेबल प्लैनेट गैलरी, बेसिक साइंस गैलरी, बॉडी एंड माइंड गैलरी, एस्ट्रोनॉमी एंड स्पेस गैलरी में बेहतरीन व्यवस्था की गई है । देश की एक अनुभवी संस्था नेशनल काउंसिल ऑफ साइंस म्यूजियम के माध्यम से क्रिएटिव म्यूजियम डिजाइर्न्स के द्वारा 75 करोड़ रुपये की लागत से प्रथम चरण में बीए साइटिस्ट गैलरी में कुल 12 तथा बेसिक साइंस गैलरी में कुल 35 विज्ञान प्रदर्शों का अधिष्ठापन कार्य अंतिम चरण में है।
ज्ञातव्य है कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर युवा वर्ग के लड़के-लड़कियों के बीच विज्ञान के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से राजेन्द्र नगर, पटना में 21 एकड़ के भूखंड पर साइंस सिटी का निर्माण किया जा रहा है। विज्ञान, प्रावैधिकी एवं तकनीकी शिक्षा विभाग द्वारा 889 करोड़ रुपये की लागत से साइंस सिटी की स्वीकृति दी गयी है तथा इसका निर्माण भवन निर्माण विभाग द्वारा किया जा रहा है।
जिस समय इस साइंस सिटी की परिकल्पना की गयी थी, उसी समय मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के निर्देश पर इस पर सुझाव के लिए महान वैज्ञानिक और डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम को भेजा गया था, वे उस समय तक देश के राष्ट्रपति नहीं बने थे। बाद में डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम भारत के राष्ट्रपति बने तथा वर्ष 2008 में मुख्यमंत्री के अनुरोध पर वे बिहार आये तथा विधान मंडल के संयुक्त सत्र को संबोधित भी किया। डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम के निधन के बाद उनके सम्मान में इस साइंस सिटी का नामाकरण भारत के पूर्व राष्ट्रपति तथा महान वैज्ञानिक भारत रत्न डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम पर किया गया।
इस परियोजना का शिलान्यास मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के द्वारा 01 मार्च 2018 को किया गया था। मुख्यमंत्री के द्वारा परियोजना के निर्माण कार्य का सतत् रूप से अनुश्रवण किया जाता रहा है। उनके द्वारा कई बार परियोजना का स्थल निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिया गया। मुख्यमंत्री के द्वारा अच्छे स्तर का साइंस सिटी बनाने के लिए अधिकारियों की टीम को अध्ययन के लिए विदेश भेजा गया। बाद में मार्च, 2024 में मुख्यमंत्री ने स्वयं लंदन स्थित साइंस सिटी का निरीक्षण किया तथा नई पीढ़ी के लोगों को विज्ञान के प्रति और भी आकर्षित करने के लिए बेहतर साइंससिटी बनाने का निर्देश दिया।
इस साइंस सिटी में आधुनिक सुविधाओं से युक्त 500 व्यक्तियों के बैठने की क्षमता वाले एक प्रेक्षागृह का भी निर्माण किया गया है। इसके साथ-साथ स्कूली छात्रों के अध्ययन भ्रमण के दौरान रात्रि विश्राम के लिए परिसर में एक 150 शैय्या वाले डॉरमेट्री का निर्माण किया गया है। परिसर में विज्ञान से संबंधित कार्यक्रमों के आयोजन के लिए एक मुक्त आकाश रंगमंच, घूमने आनेवाले लोगों के खाने की व्यवस्था के लिए कैफेटेरिया तथा वाहनों की पार्किंग के लिए वाहन पड़ाव का भी निर्माण किया गया है। परिसर में 150 किलोवाट क्षमता के सोलर पैनल भी अधिष्ठापित किये जा रहे हैं।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव डॉ. एस. सिद्धार्थ, विज्ञान, प्रावैधिकी एवं तकनीकी शिक्षा विभाग की सचिव डॉ. प्रतिमा एस. वर्मा, मुख्यमंत्री के सचिव अनुपम कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव सह भवन निर्माण विभाग के सचिव कुमार रवि, पटना प्रमंडल के आयुक्त डॉ. चन्द्रशेखर सिंह, पटना के जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एसएम सहित अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित थे।