बिहार में देशविरोधी साजिश का भंडाफोड़, सीतामढ़ी से दो युवक गिरफ्तार; पाकिस्तानी नेटवर्क से जुड़े होने का आरोप

बिहार के सीतामढ़ी जिले में पुलिस ने देशविरोधी गतिविधियों के आरोप में दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस का दावा है कि दोनों आरोपी पाकिस्तान में बैठे गैंगस्टरों और संदिग्ध आतंकवादी नेटवर्क के संपर्क में थे

बिहार में देशविरोधी साजिश का भंडाफोड़, सीतामढ़ी से दो युवक गिरफ्तार; पाकिस्तानी नेटवर्क से जुड़े होने का आरोप
Image Slider
Image Slider
Image Slider

सीतामढ़ी: बिहार के सीतामढ़ी जिले में पुलिस ने देशविरोधी गतिविधियों के आरोप में दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस का दावा है कि दोनों आरोपी पाकिस्तान में बैठे गैंगस्टरों और संदिग्ध आतंकवादी नेटवर्क के संपर्क में थे तथा देश के संवेदनशील ठिकानों को निशाना बनाने की साजिश रच रहे थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और अन्य जांच एजेंसियां पूरे नेटवर्क की जांच में जुट गई हैं।

पुलिस के अनुसार, गाढ़ा (रुन्नीसैदपुर) थाना क्षेत्र के टकौर गांव में गुप्त सूचना के आधार पर मंगलवार देर रात करीब दो बजे छापेमारी की गई। कार्रवाई के दौरान सड़क किनारे मोबाइल पर बातचीत कर रहे दो युवकों को हिरासत में लिया गया। उनकी पहचान टकौर गांव निवासी मो. अखलाख और मो. अरमान के रूप में हुई है।

जांच के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से तीन एंड्रॉइड स्मार्टफोन बरामद किए। पुलिस का कहना है कि मोबाइल फोन की तकनीकी जांच में देशविरोधी वीडियो, फोटो, वॉयस नोट्स और हथियारों से संबंधित सामग्री मिली है। साथ ही व्हाट्सएप पर कई संदिग्ध ग्रुप्स और विदेशी मोबाइल नंबरों से बातचीत के सबूत भी सामने आए हैं।

पुलिस का आरोप है कि दोनों युवक देश के महत्वपूर्ण और संवेदनशील स्थानों की जानकारी एवं लोकेशन सीमा पार भेज रहे थे। पूछताछ में यह भी सामने आया कि वे सोशल मीडिया के माध्यम से पाकिस्तानी नेटवर्क के संपर्क में थे और कथित तौर पर राणा हुसनैन के निर्देश पर काम कर रहे थे। पुलिस के अनुसार, दोनों दिल्ली जाकर किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की तैयारी में थे, लेकिन उससे पहले ही गिरफ्तार कर लिए गए।

जांच के दौरान मोबाइल फोन से कई अन्य संदिग्ध संपर्क भी मिले हैं, जिनकी भूमिका की जांच की जा रही है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। मामले की जांच में केंद्रीय खुफिया एजेंसियों की भी मदद ली जा रही है।

नोट: फिलहाल ये आरोप पुलिस की प्रारंभिक जांच और पूछताछ पर आधारित हैं। आरोपियों के खिलाफ लगाए गए सभी आरोपों की पुष्टि न्यायिक प्रक्रिया और विस्तृत जांच के बाद ही होगी।